अमेरिका में ईंधन स्टेशन पर गोलीबारी में आंध्र प्रदेश के युवक की मौत…

अमेरिका में ईंधन स्टेशन पर गोलीबारी में आंध्र प्रदेश के युवक की मौत…

अमरावती, 21 अप्रैल । अमेरिका में एक ईंधन स्टेशन पर गोलीबारी में आंध्र प्रदेश के 24 वर्षीय युवक की मौत हो गयी जो वहां परास्नातक की पढ़ाई कर रहा था और ईंधन स्टेशन पर काम करता था। अमेरिका के ओहायो राज्य की पुलिस ने यह जानकारी दी।

अमेरिकी पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान साएश वीरा के रूप में की गयी है और यह घटना बृहस्पतिवार को राज्य के कोलंबस मंडल में हुई। मीडिया में आयी खबरों के अनुसार, वीरा आंध्र प्रदेश का रहने वाला था।

पुलिस ने एक बयान में कहा, ‘‘20 अप्रैल 2023 को देर रात 12 बजकर 50 मिनट पर कोलंबस पुलिस अधिकारियों को गोलीबारी की सूचना मिलने पर डब्ल्यू. ब्रॉड स्टेशन भेजा गया। वहां पहुंचने पर अधिकारियों ने साएश वीरा (24) नामक व्यक्ति को घायल अवस्था में पाया। उसे गोली लगी थी।’’

उन्होंने बताया कि वीरा को एक स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया लेकिन उसकी मौत हो गयी।

पुलिस ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है और मृतक के परिजनों के सूचना दे दी गयी है।

रोहित यालामंचिली, वीरा के शव को भारत भेजने के लिए निधि एकत्रित करने का अभियान चला रहे हैं। उन्होंने बताया कि वीरा परास्नातक की पढ़ाई कर रहा था और उसे एच1बी वीजा मिल गया था। वह कुछ ही हफ्तों में ईंधन स्टेशन पर अपनी नौकरी छोड़ने वाला था।

हिन्द वतन समाचार की रिपोर्ट…