क्या राहुल गांधी और कांग्रेस कानून से ऊपर हैं : केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव…

नई दिल्ली, 24 मार्च । केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने गुजरात की एक अदालत द्वारा राहुल गांधी को आपराधिक मानहानि के मामले में दोषी ठहराए जाने पर सवाल उठाने के लिए शुक्रवार को कांग्रेस पर निशाना साधा और पूछा कि क्या वे खुद को देश के कानून से ऊपर समझते हैं।
अन्य पिछड़ा वर्ग से ताल्लुक रखने वाले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता यादव ने कहा कि अदालत ने कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए गांधी को दोषी ठहराया।
एक संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने सवाल कहा, ‘‘क्या कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी देश के कानून से ऊंचे हैं?… क्या राष्ट्रीय नेता का काम ओबीसी समाज के एक उपनाम को गाली देना और उसका अपमान करना है?’’
उन्होंने कहा, ‘‘मेरा मानना है कि कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी देश में पूरे ओबीसी समुदाय को गाली देने के दोषी हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हर किसी को अदालत के फैसले का सम्मान करना चाहिए।’’
सूरत की एक अदालत ने ‘‘मोदी उपनाम’’ वाली टिप्पणी को लेकर राहुल गांधी के खिलाफ दायर एक मामले में बृहस्पतिवार को उन्हें दोषी ठहराया तथा दो साल कैद की सजा सुनाई।
यादव ने ब्रिटेन में लोकतंत्र संबंधी राहुल गांधी की हालिया टिप्पणी के लिए भी उनकी आलोचना की और उन पर गालियां देने और झूठ बोलने का आरोप लगाया।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता ने अपनी टिप्पणी से न केवल एक जाति या समाज का अपमान किया है, जिसके लिए उन्हें अदालत ने दोषी ठहराया है, बल्कि उन्होंने लंदन में अपनी हालिया टिप्पणियों से ‘‘भारत, भारत के संविधान और भारत में लोकतांत्रिक प्रक्रिया’’ का भी अपमान किया है।
उन्होंने कहा, ‘‘उनके शब्द ओबीसी समाज और अन्य छोटे (निचली जाति) समाजों के बारे में उनकी मानसिकता को दर्शाते हैं।’’
हिन्द वतन समाचार की रिपोर्ट…