चित्रकूट में प्रेम संबंधों से नाराज ताऊ ने युवती की गोली मारकर की हत्या…

लखनऊ।हिन्द वतन समाचार…

चित्रकूट में प्रेम संबंधों से नाराज ताऊ ने युवती की गोली मारकर की हत्या…

पहाड़ी थानाक्षेत्र के ओरा गांव में प्रेम संबंधों से नाराज ताऊ ने भतीजी की गोली मारकर हत्या कर दी। ऑनर किलिंग में हुई घटना को लेकर गांव में सनसनी फैल गई। हत्यारोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मृतका के पिता ने आरोपित के खिलाफ तहरीर दी है।ओरा निवासी चुन्नू सैनी अपने भाई के परिवार के साथ रहते हैं। चुन्नू की 23 वर्षीय भतीजी के गांव के युवक से प्रेम संबंध थे। गुरुवार रात युवती प्रेमी के साथ लापता हो गई। इस पर स्वजनों ने ढूंढना शुरू कर दिया। बताते हैं कि शुक्रवार तड़के युवती को उसके ताऊ ने ढूंढ निकाला, इसके बाद घर पर गोली मारकर हत्या कर दी। दोपहर में पुलिस को हत्या की बात पता चली तो थानाध्यक्ष सुशील चंद्र शर्मा समेत बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स पहुंच गया। आला कत्ल अवैध तमंचे समेत पुलिस ने आरोपित चुन्नू को गिरफ्तार कर लिया। उसने हत्या की बात कबूली। थानाध्यक्ष ने बताया कि युवती के प्रेमी के साथ चले जाने पर ताऊ ने घटना को अंजाम दिया है। हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मृतका के पिता की तहरीर ओर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई होगी।ग्रामीणों के मुताबिक युवती की शादी फतेहपुर जिले में तय हुई थी। 12 फरवरी को बरात आनी थी। इसको लेकर तैयारियां चल रही थीं। बताते हैं युवती शादी के लिए रजामंद नहीं थी। उसकी गांव के युवक के साथ सुबह बाहर निकलने की योजना थी।

हिन्द वतन की रिपोर्ट…