जयराम ने सिराज और अनुराग ठाकुर ने भोरंज में किया मतदान…

शिमला, 12 नवंबर। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के आज हो रहे चुनाव में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने परिवार सहित सिराज विधानसभा क्षेत्र तथा केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर उनके पिता और पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने परिवार सहित समीरपुर विधानसभा क्षेत्र के भोरंज मतदान बूथ पर मतदान किया।
राज्य में नौ बजे तक 4.54 प्रतिशत मतदाना हुआ है। मुख्यमंत्री ने पत्नी साधना ठाकुर और दो बेटियों चंद्रिका और प्रियंका के साथ सिराज के बगलामुखी मंदिर में मत्था टेका और इसके बाद मुहारग मतदान बूथ पर मतदान किया। उन्होंने दावा किया राज्य में इस बार रिवाज बदलेगा। भाजपा की ही सरकार बनेगी और पहले से ज्यादा सीटें जीतेंगे। वहीं जे पी नड्डा, उनकी पत्नी मल्लिका नड्डा तथा बेटे के हरीश नड्डा ने मतदान करने से पूर्व बिलासपुर जिले के झंडूता के स्थानीय मंदिर में मत्था टेका।
श्री नड्डा ने मीडिया से बातचीत में राज्य में हुये विकास और जनकल्याण कार्यों के बूते पर पुन: भाजपा की सरकार बनने का दावा किया। मल्लिका नड्डा ने इस मौके पर कहा कि मतदाता अपने विवेक से मतदान करेंगे तथा राज्य और देश में हुये विकास तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कोरोनाकाल में की गई सेवाओं को अवश्य ही लोग ध्यान में रखेंगे।
केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर उनके पिता और पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने परिवार सहित समीरपुर विधानसभा क्षेत्र के भोरंज मतदान बूथ पर मतदान किया। पुरानी पेंशन बहाल करने के कांग्रेस के वादे को लेकर श्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि पेंशन बंद करने और एनपीएस लाने वाली कांग्रेस ही थी। कांग्रेस 2012 में राज्य में सत्ता में थी तब क्यों नहीं पुरानी पेंशन बहाल की। कांग्रेस ने हिमाचल का विशेष दर्जा वापिस लिया जिसे मोदी सरकार ने बहाल किया। केंद्र की भाजपा सरकार ने हिमाचल को आईआईटी और एम्स जैसे बड़े संस्थान दिये।
राज्य की भाजपा सरकार ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के अनेक कार्य किये तथा इन पर मुहर लगाएगी और भाजपा को पहले से भी ज्यादा सीटें देकर पुन: सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा से ही झूठे वादे करती रही है। कांग्रेस ने 2003 और 2012 में हर घर से एक व्यक्ति को रोजगार देने की बात कही थी लेकिन सत्ता में आने पर भूल गई। जनता को कांग्रेस का असली चेहरा मालूम है।
वहीं राज्य के दिवंगत मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की सांसद पत्नी प्रतिभा सिंह और उनके पुत्र बिक्रमादित्य सिंह ने पूजा करने के बाद मतदान किया और कांग्रेस विधायक दल के नेता मुकेश अग्निहोत्री भी मतदान कर चुके हैं। वहीं श्री मोदी ने ट्वीट कर युवाओं समेत राज्य की जनता से अधिकाधिक संख्या में मतदान केंद्रों पर पहुंच कर मतदान करने की अपील की है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी अपने ट्चीट में राज्य के मतदाताओं से सुनहरे कल के लिये मतदान करने की अपील की है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने खुशहाल भविष्य के लिये मतदान करने की लोगों से अपील की है। वहीं पार्टी नेता प्रियंका गांधी ने मतदाताओं से सूझबूझ से मतदान करने की अपील की है।
हिन्द वतन समाचार की रिपोर्ट…