रूस के राष्ट्रपति पुतिन जी-20 शिखर सम्मेलन में नहीं लेंगे हिस्सा…

जकार्ता, 10 नवंबर। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन यूक्रेन पर अमेरिका और उसके सहयोगियों के साथ संभावित टकराव से बचने के लिए इंडोनेशिया में अगले सप्ताह होने वाले जी-20 शिखर सम्मेलन में हिस्सा नहीं लेंगे। इंडोनेशियाई सरकार के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन, चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग सहित कई वैश्विक नेता 15 नवंबर से इंडोनेशिया की राजधानी बाली में शुरू हो रहे दो दिवसीय शिखर सम्मेलन में शिरकत करेंगे। रूस द्वारा इस साल फरवरी अंत में यूक्रेन पर हमला करने के बाद पहली बार बाइडन और पुतिन किसी विश्व मंच पर साथ आने वाले थे।
जी-20 के ‘चीफ ऑफ सपोर्ट’ लुहुत बिनसर पंडजैतन ने इंडोनेशिया के देनपसार में पत्रकारों से कहा कि रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव रूसी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे। उन्होंने कहा, ‘‘इंडोनेशियाई सरकार रूस के फैसले का सम्मान करती है। पुतिन ने पहले ही राष्ट्रपति जोको विडोडो को फोन पर इस फैसले के बाबत जानकारी दे दी थी।’’
पंडजैतन ने कहा, ‘‘हम उम्मीद करते हैं कि दोनों नेताओं के बीच तालमेल से रूस और यूक्रेन के बीच तनाव कम करने में मदद मिलेगी।’’ अभी जी20 की अध्यक्षता इंडोनेशिया कर रहा है और उसके बाद भारत इसे संभालेगा।
जी-20 दक्षिण पूर्व एशिया में इस सप्ताह और उसके बाद होने वाले तीन शिखर सम्मेलनों में सबसे बड़ा है। दक्षिण पूर्वी एशियाई राष्ट्र संघ (आसियान) सम्मेलन बृहस्पतिवार को कंबोडिया के नोम पेन्ह में शुरू हुआ। जी-20 शिखर सम्मेलन इंडोनेशिया की राजधानी बाली और एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग शिखर सम्मेलन (एपीईसी) थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में होगा। अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन आसियान और जी-20 शिखर सम्मेलन में शिरकत करेंगे, जबकि अमेरिका की उपराष्ट्रपति कमला हैरिस एपीईसी में देश का प्रतिनिधित्व करेंगी।
इससे पहले बाइडन ने जी-20 शिखर सम्मेलन से इतर पुतिन के साथ बैठक करने से इनकार कर दिया था। उन्होंने कहा था कि वह रूसी नेता से केवल रूस में बंद अमेरिकियों की रिहाई पर ही चर्चा कर सकते हैं। बाइडन प्रशासन के अधिकारियों ने कहा कि पुतिन के ऑनलाइन माध्यम से शिखर सम्मेलन में शामिल होने पर वे विश्व नेताओं से उन्हें अलग-थलग करने का आह्वान करेंगे। उन्होंने बहिष्कार या अन्य तरीके से उनकी निंदा करने पर भी चर्चा की है।
हिन्द वतन समाचार की रिपोर्ट…