भाजपा के इशारे पर विशेष सत्र रद्द किया गया : चीमा…

भाजपा के इशारे पर विशेष सत्र रद्द किया गया : चीमा…

चंडीगढ़,। पंजाब विधानसभा के विशेष सत्र को रद्द करने के राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित के फैसले को आम आदमी पार्टी (आप) ने भारतीय राजनीति के लिए ‘काला दिन’ करार दिया है। ‘आप’ के वरिष्ठ नेता और वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने गुरुवार को संवाददाता सम्मेलन में कहा कि पंजाब के राज्यपाल ने जिस तरह से भाजपा के निर्देश पर काम किया और विशेष सत्र की अनुमति वापस ली, वह दर्शाता है कि भाजपा संविधान और संवैधानिक संस्थानों को कुचलने की कोशिश कर रही है।

चीमा ने कहा कि राज्यपाल ने पंजाब के एजी कार्यालय की अनदेखी कर भारत के अतिरिक्त महाधिवक्ता से सलाह मांगी और अपने पहले के आदेश को वापस ले लिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की तरह आप भाजपा के आगे नहीं झुकेगी। पंजाब सरकार ने लोकतंत्र और उसके संविधान की रक्षा के लिए 27 सितंबर को विधानसभा का सत्र बुलाया है। इस सत्र के दौरान बिजली और पराली जलाने के मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।

भगवा पार्टी को आड़े हाथ लेते हुए चीमा ने कहा,“ भाजपा आप की बढ़ती लोकप्रियता से डरी हुई है और उसने इस बात को स्वीकार कर लिया है कि 2024 के चुनाव में केवल अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी ही उसे चुनौती दे सकती है। इसीलिए भाजपा किसी भी तरह आप को रोकना चाहती है, लेकिन मैं दोहराना चाहता हूं कि भाजपा अपने कायरतापूर्ण एजेंडे में कभी सफल नहीं होगी और अरविंद केजरीवाल देश की बेहतरी के लिए काम करते रहेंगे।”

उन्होंने कांग्रेस पर भी हमला किया और कहा कि विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा समेत कांग्रेस के नेता भाजपा की बी-टीम की तरह काम कर रहे हैं। ‘ऑपरेशन लोटस’ के नापाक एजेंडे के खिलाफ संघर्ष कर रही आप सरकार का समर्थन करने के बजाय कांग्रेस नेतृत्व इस मुद्दे पर लगातार भाजपा का ही समर्थन कर रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने भाजपा के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है, इसीलिए कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेसी द्वारा निकाली जा रही भारत जोड़ो यात्रा भी गुजरात और हिमाचल प्रदेश में नहीं जा रही है।

हिन्द वतन समाचार” की रिपोर्ट…