कार्यकर्ता पूर्ण आत्मविश्वास के साथ चुनाव मैदान में उतरें और घर-घर संपर्क करें: शर्मा…

कार्यकर्ता पूर्ण आत्मविश्वास के साथ चुनाव मैदान में उतरें और घर-घर संपर्क करें: शर्मा…

भोपाल,। मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने आज कहा कि पार्टी प्रत्याशी और कार्यकर्ता पूर्ण आत्मविश्वास के साथ चुनाव मैदान में उतरें और घर घर जाकर संपर्क करें, निश्चित तौर पर जीत हमारी है। शर्मा ने जिले के चुनाव प्रचार के दौरान भीकनगांव में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए यह बात कही।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने मध्यप्रदेश में संकल्प लिया है कि हर बूथ पर चुनाव जीतना है, इसलिए हमारा लक्ष्य हर बूथ पर 51 प्रतिशत वोट लाना है। भाजपा को सभी बूथों में 51 प्रतिशत वोट कैसे मिले, इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए बूथ कार्यकर्ताओं को कुशल रणनीति के साथ अपने अपने बूथ पर कार्य करना है। हम बूथ पर जितना अधिक माइक्रो मैनेजमेंट करेगें उतने अधिक वोट हमें मिलेंगे।

प्रदेश अध्यक्ष जिले की नगरीय निकायों में चुनाव प्रचार पर थे। शर्मा ने खरगौन के भीकनगांव, मंडलेश्वर और महेश्वर में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर उन्हें जीत का संकल्प दिलाया। कार्यकर्ता सम्मेलन में सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, जिला प्रभारी सुरेश आर्य, जिलाध्यक्ष राजेन्द्र सिंह राठौर, चुनाव प्रभारी रणजीत सिंह डंडीर, धूल सिंह डाबर सहित पार्टी के जिला पदाधिकारी, पार्षद प्रत्याशी, कार्यकर्ता उपस्थित थे।

शर्मा ने भीकनगांव में कार्यकर्ता सम्मेलन में कहा कि भाजपा बूथ बूथ पर बैठे अपने कार्यकर्ताओं की मेहनत के बल पर ही चुनाव जीतती है क्योंकि हमारे यहां पार्टी का कार्यकर्ता ही चुनाव लडता है और कार्यकर्ता ही चुनाव जीतता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में ग्रामीण निकाय चुनाव में पार्टी के 90 प्रतिशत से अधिक सरपंच बने हैं। चुनाव में जो कार्यकर्ता जीतकर आये हैं उन्होंने जनता की सेवा प्रारंभ कर दी है। जनपद चुनाव में 85 से 90 प्रतिशत जीतकर आये हैं।

नगर पालिका एवं नगर निगम में पार्टी 90 प्रतिशत तक जीती है। जीत का यह आंकडा यह दर्शाता है कि ग्रामीण और नगरीय निकाय की जनता भारतीय जनता पार्टी के साथ है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि हमारे साथ जनता का आशीर्वाद है, आप पूरे आत्मविश्वास के साथ चुनाव लडें। शर्मा ने मंडलेश्वर में कार्यकर्ता सम्मेलन में कहा कि 2003 से पहले मध्यप्रदेश बीमारू राज्य कहलाता था। इसके बाद प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी।

मध्यप्रदेश विकास के पथ पर अग्रसर हुआ। लेकिन दुर्भाग्य से 15 महीनों के लिए कांग्रेस की सरकार बन गई तो कांग्रेस ने गरीबों का अधिकार छीनकर सभी जनहितैषी योजनाओं को बंद कर दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बनते ही मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पुनः गरीब कल्याण की योजनाओं को प्रारंभ कर गरीबों को उनके अधिकार देने का काम किया। शर्मा ने कहा कि गरीब कल्याण की योजनाएं ही भाजपा की ताकत हैं।

जब गरीब का बेटा प्रधानमंत्री बनता है तो वह गरीब का दर्द जानता है और गरीब कल्याण का अभियान शुरू करता है। प्रधानमंत्री की गरीब कल्याण की योजनाएं इसका प्रत्यक्ष उदाहरण है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री चौहान के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने लाड़ली लक्ष्मी योजना एवं संबल योजना के द्वारा प्रदेश की महिलाओं और बेटियों को सशक्त बनाने का काम किया है। शर्मा ने संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस के पास नेता, नीयत और नीति की कमी है।

जबकि हमारे पास देश और प्रदेश में सक्षम नेतृत्व, जनसेवा की नीयत और गरीब कल्याण की नीति है। देश में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में और प्रदेश में मुख्यमंत्री श्री चौहान के नेतृत्व में जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर हर घर संपर्क करें और उन्हें बताएं कि कांग्रेस की कथनी और करनी में अंतर है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को प्रत्येक बूथ पर जीत का संकल्प दिलाते हुए कहा कि कार्यकर्ता आगे बढें और तथ्यों और तर्को के साथ झूठ, भ्रम फैलाने वाली कांग्रेस को जवाब दें। प्रदेश अध्यक्ष भीकनगांव में कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल होने से पूर्व खंडवा में धूनी वाले दादाजी के मंदिर पहुंचे।

यहां उन्होंने दर्शन कर दादाजी से देश व प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि और प्रगति की कामना की। दर्शन के पश्चात प्रदेश अध्यक्ष ने गणेश गौशाला में गौमाता का पूजन कर गौसेवा की। उन्होंने बताया कि गौमाता को लंपी वायरस से बचाव के लिए भाजपा किसान मोर्चा गौवंश को वैक्सीन लगाने के लिए कार्यरत है। प्रदेश सरकार भी लंपी वायरस से गौमाता के बचाव के लिए कटिबद्ध है।

शर्मा ने प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में चल रहे ‘सेवा पखवाड़ा’ के अंतर्गत युवा मोर्चा के हरा-भरा-मध्यप्रदेश अभियान में पौधारोपण किया। प्रदेश अध्यक्ष ने पंधाना विधानसभा के छैगाँव माखन ग्राम में स्थित सीएम राइज़ स्कूल में बच्चों से मिलकर उन्हें पाठ्य सामग्री वितरित की। इस अवसर पर उन्होंने स्कूल परिसर में पौधारोपण किया।

हिन्द वतन समाचार” की रिपोर्ट…