घर के बाहर कूड़ा देख पड़ोसी महिला को चाकू घोपा…

घर के बाहर कूड़ा देख पड़ोसी महिला को चाकू घोपा…

नई दिल्ली, 12 सितंबर। सागरपुर में रविवार सुबह घर के बाहर कूड़ा फेंकने को लेकर हुए विवाद में एक युवक ने पड़ोसी महिला को चाकू घोपकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। आरोपी ने महिला के बच्चों के सामने ही उस पर हमला किया और वारदात के बाद फरार हो गया। सागरपुर थाना पुलिस ने घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने मामले में हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर आरोपी 40 वर्षीय सुनील को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, घायल 25 वर्षीय कीर्ति परिवार के साथ नसीरपुर में रहती है। परिवार में पति और दो बच्चे हैं। पुलिस को दिए बयान में महिला ने बताया कि रविवार सुबह पड़ोस में रहने वाले परिवार के घर के बाहर किसी ने कूड़ा फेंक दिया था। इसे लेकर पड़ोसी परिवार ने झगड़ना शुरू कर दिया। आरोपी सुनील की मां और कीर्ति के बीच विवाद बढ़ा तो दोनों पक्षों में हाथापाई होने लगी। इसी दौरान सुनील ने कीर्ति पर चाकू से वार कर दिया। आरोपी ने महिला पर चाकू से चार वार किए और फरार हो गया। वारदात के समय महिला के छोटे बच्चे मौके पर ही थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल कीर्ति को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार किया जा रहा है। पुलिस ने आरोपी को उसके जानकार के घर से गिरफ्तार कर लिया है।

हिन्द वतन समाचार” की रिपोर्ट…