मिसेज फलानी’ में एक साथ नौ किरदार निभाएंगी स्वरा, फैंस के साथ शेयर की जानकारी…

मिसेज फलानी’ में एक साथ नौ किरदार निभाएंगी स्वरा, फैंस के साथ शेयर की जानकारी…

मुंबई, 17 अगस्त। विवादित पोस्ट और स्टेटमेंट्स को लेकर सोशल मीडिया पर अक्सर ट्रोलर्स के निशाने पर रहने वाली बॉलीवुड की बोल्ड और बेबाक एक्ट्रेस स्वरा भास्कर को लेकर बड़ी जानकारी सामने आई है। स्वरा ने एक ऐसी फिल्म साइन की है, जिसमें वह एकसाथ नौ किरदार निभाती नजर आएंगी। जानकारी के मुताबिक, स्वरा के इस नेक्स्ट प्रोजेक्ट का नाम ‘मिसेज फलानी’ होगा।

महिला प्रधान ‘मिसेज फलानी’ की हर किरदार में स्वरा 35 से 45 साल के बीच की शादीशुदा महिला की भूमिका में दिखाई देंगी। कुछ किरदारों में वह 10 से 15 साल के बच्चों की मां बनकर जिंदगी के उतार-चढ़ाव का सामना करती नजर आएंगी।

बता दें कि सीता फिल्म्स के साथ मिलकर 3 एरोज़ प्रोडक्शंस इस फिल्म का निर्माण कर रहे हैं। फिल्म का निर्देशन बतौर क्रिएटिव डायरेक्टर ‘इंडियन आयडल’, ‘कौन बनेगा करोड़पति’ जैसे फेमस शोज़ में काम कर चुके मनीष किशोर कर रहे हैं।

स्वरा भास्कर ‘मिसेज फलानी’ को लेकर काफी एक्साइटेड हैं। उन्होंने खुद अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर फिल्म को लेकर सारी जानकारी फैंस के साथ शेयर की है।

उल्लेखनीय है कि पिछले लंबे समय से स्वरा भास्कर अभिनय से दूर थीं, लेकिन अपने विवादित ट्विट्स और बेबाक बयानबाजी के चलते वह हमेशा चर्चा में रही हैं। हाल ही में एक्ट्रेस को जान से मारने की धमकी भी मिली थी, जिसके बाद उन्होंने मुंबई पुलिस के पास इसकी शिकायत भी दर्ज करवाई थी।

हिन्द वतन समाचार” की रिपोर्ट…