पुलिस निगरानी में रहेगी श्रीकांत त्यागी की पत्नी,

पुलिस निगरानी में रहेगी श्रीकांत त्यागी की पत्नी,

ड्राइवर को हिरासत में लिया, जानिए क्या है पूरा मामला

नोएडा, 07 अगस्त। नोएडा की ओमेक्स ग्रैंड हाउसिंग सोसाइटी में महिला के साथ अभद्रता और मारपीट करने वाला श्रीकांत त्यागी फरार है। करीब 48 घंटों से गौतमबुद्ध नगर पुलिस उसकी तलाश कर रही है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने अब तक करीब 50 से ज्यादा स्थानों पर दबिश दी हैं। हालांकि, वह पुलिस की पकड़ से दूर है। श्रीकांत त्यागी की पत्नी मनु त्यागी अब पुलिस की निगरानी में रहेगी। दूसरी ओर थाना फेस-2 पुलिस ने श्रीकांत त्यागी के ड्राइवर सुरेंद्र सिंह को हिरासत में लिया है। आपको बता दें कि रविवार की दोपहर बाद नोएडा पुलिस सूचना मिलने पर श्रीकांत त्यागी के घर छापा मारने पहुंची थी।

*सूचना मिलने पर श्रीकांत के घर पहुंची थी पुलिस*

रविवार की दोपहर पुलिस को किसी ने कोई जानकारी दी थी। जिसके तुरंत बाद थाना फेस-2 से पुलिस टीम श्रीकांत त्यागी के घर पहुंची। पुलिस को देखते ही श्रीकांत त्यागी की पत्नी मनु त्यागी ने अपने घर का दरवाजा लॉक कर लिया, लेकिन नोएडा पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद श्रीकांत त्यागी के घर का दरवाजा खुलवाया। पुलिस ने रविवार की दोपहर बाद श्रीकांत त्यागी के घर पहुंचकर उसके ड्राइवर सुरेंद्र को हिरासत में ले लिया है। दूसरी ओर श्रीकांत को गिरफ्तार करने के लिए गौतमबुद्ध नगर पुलिस की 5 टीम ताबड़तोड़ दबिश दे रही हैं। श्रीकांत त्यागी के निकट दोस्तों, रिश्तेदारों और व्यवसायिक संबंध रखने वाले लोगों के यहां पुलिस ने छानबीन की हैं।

*आरोपी को पकड़ने से लिए 8 पुलिस टीम का गठन*

इस समय सोसाइटी के आसपास भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है। पुलिस को आशंका है कि ऐसे विपरीत परिस्थितियों में श्रीकांत त्यागी अपनी पत्नी मनु त्यागी और बच्चों से मिलने आ सकता है। सोसाइटी में आवागमन करने वाले हर व्यक्ति पर पुलिस की पैनी नजर है। श्रीकांत त्यागी के अलावा उसकी पत्नी मनु त्यागी और रिश्तेदारों की भी कॉल डिटेल निकाली जा रही है। श्रीकांत त्यागी को पकड़ने के लिए 8 टीम का गठन किया गया है।

*शनिवार पूरी रात रहा हाई अलर्ट जारी*

मिली जानकारी के मुताबिक शनिवार की पूरी रात नोएडा और ग्रेटर नोएडा में हाई अलर्ट जारी रहा। जिले में एंट्री करने वाले और जिले से बाहर जाने वाले हर वाहन की जांच की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि श्रीकांत त्यागी जिले में ही कहीं छुपा हुआ है और वह यहां से भाग सकता है।

*क्या है पूरा मामला*

श्रीकांत त्यागी ने नोएडा के सेक्टर-93b में स्थित ग्रैंड ओमेक्स हाउसिंग सोसाइटी में अवैध तरीके से कब्जा किया हुआ है। सोसाइटी में रहने वाली एक महिला ने यहां पर एक पौधा लगा दिया था। जिसके बाद दबंग नेता श्रीकांत त्यागी ने महिला के साथ बदतमीजी और मारपीट की थी। इसका वीडियो काफी तेजी के साथ सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो नोएडा पुलिस ने तत्काल इस मामले को संज्ञान में लिया। पुलिस ने आरोपी और दबंग नेता के खिलाफ फेस-2 कोतवाली में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

*नोएडा से लखनऊ तक ताबड़तोड़ छापेमारी*

महिला के साथ अभद्रता और मारपीट करने वाले श्रीकांत त्यागी को गिरफ्तार करने के लिए गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने ताबड़तोड़ छापेमारी की हैं। पुलिस ने पिछले करीब 48 घंटों में श्रीकांत त्यागी को तलाश करने के लिए दिल्ली, लखनऊ, गुरुग्राम, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर और वेस्टर्न यूपी के कई जिलों में दबिश दी हैं।

*घर के बाहर लगी थी बैरिकेडिंग और मेटल डिटेक्टर*

श्रीकांत त्यागी खुद को भारतीय जनता पार्टी की टॉप लीडरशिप का करीबी बताता था। उसके रसूख का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि जब वह अपने गांव भंगेल में रहता था तो घर के बाहर बैरिकेडिंग, पुलिस पिकेट, बूम बैरियर और मेटल डिटेक्टर लगाकर रखता था। गली में प्रवेश करने से पहले बाहर से आने वाले लोगों की तलाशी ली जाती थी। घर में प्रवेश करने के लिए मेटल डिटेक्टर से होकर लोगों को गुजरना पड़ता था। इतना ही नहीं श्रीकांत त्यागी के घर पर स्निफर डॉग भी लगाए गए थे। जब वह घर से निकलता था तो उसके आगे और पीछे चार एस्कॉर्ट कारें चलती थीं। जिन पर बाकायदा पुलिस लिखा होता है। नोएडा पुलिस ने दो एस्कॉर्ट गाड़ियां जब्त की हैं। श्रीकांत त्यागी के साथ उत्तर प्रदेश पुलिस के सिक्योरिटी गार्ड चलते थे। वह करीब एक दर्जन बाउंसर अपनी निजी सुरक्षा में रखता है।

*गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने श्रीकांत को कोई सुरक्षा नहीं दी*

एडीसीपी कुमार रणविजय सिंह ने कहा, “गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने श्रीकांत त्यागी को कोई सुरक्षा मुहैया नहीं करवाई है। उसके खिलाफ कार्रवाई चल रही है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार करने के लिए दबिश दी। उसके घर से तीन कारें सीज की गई हैं। मोटर व्हीकल एक्ट के नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों को जब्त कर लिया गया है। एक कार पर उत्तर प्रदेश सरकार का राजकीय चिन्ह लगा मिला है। यह पूरी तरह राजकीय चिन्ह का दुरुपयोग है। इस मामले में भी उसके खिलाफ अलग से मुकदमा दर्ज किया गया है। गौतमबुद्ध नगर पुलिस श्रीकांत त्यागी को गिरफ्तार करने के लिए भरसक प्रयास कर रही है। उसकी तलाश में दिल्ली-एनसीआर, वेस्टर्न यूपी और कई दूसरे राज्यों में दबिश दी गई हैं। पुलिस कमिश्नरेट के अफसरों की निगरानी में कई टीमों का गठन किया गया है।”