आतिशबाज़ियों के बीच शुरू हुए बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेल

आतिशबाज़ियों के बीच शुरू हुए बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेल

 

बर्मिंघम, 29 जुलाई । राष्ट्रमंडल खेल 2022 की गुरुवार को यहां अलेक्जेंडर स्टेडियम में एक शानदार उद्घाटन समारोह में शुरुआत हुई। डुरान डुरान और ब्लैक सब्बाथ बैंड के गिटारवादक टोनी इओमी जैसे स्थानीय संगीतकारों ने इस आयोजन में चार चांद लगाये। राष्ट्रमंडल के 72 देशों एवं क्षेत्रों के प्रतियोगियों और 30,000 दर्शकों के बीच बर्मिंघम की औद्योगिक विरासत और इसकी बहुसांस्कृतिक परंपरा का जश्न मनाया गया। बर्मिंघम के मोटर उद्योग के वृहद इतिहास के सम्मान में पांच दशकों की 72 कारों को कार्यक्रम में इकट्ठा किया गया। जगुआर और लैंड रोवर से लेकर मिनी कूपर तक वेस्ट मिडलैंड्स में लाखों कारें बनाई गई हैं।

इसके बाद प्रिंस चार्ल्स और डचेस ऑफ कॉर्नवॉल एक एस्टन मार्टिन में बैठकर 72 कारों के काफिले के साथ कार्यक्रम में आये, जो ऊपर से देखने पर यूनाइटेड किंगडम के ध्वज जैसा दिख रहा था। समारोह में महिला उत्थान कार्यकर्ता मलाला यूसुफजई भी उपस्थित दिखाई दीं। बर्मिंघम में रहने वाली 25 वर्षीय मलाला अपने मूल पाकिस्तान में लड़कियों की शिक्षा कार्यक्रमों के लिए अभियान चलाती हैं। कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण एथलीट परेड में सभी 72 देशों और क्षेत्रों के 6500 से अधिक एथलीट पहली बार इस आयोजन में भीड़ के सामने आए।

एथलीट परेड का नेतृत्व ऑस्ट्रेलिया द्वारा किया गया, जो 2018 में खेलों के पिछले मेजबान थे। ऑस्ट्रेलिया इस बार आयोजन में अपनी अब तक की सबसे बड़ी टीम को लाया है। जब 2010 राष्ट्रमंडल खेलों के मेज़बान भारतीय दल की बारी आयी, तो उसका नेतृत्व दो बार की ओलंपिक पदक विजेता शटलर पीवी सिंधु और पुरुष हॉकी टीम के कप्तान मनप्रीत सिंह ने किया। मेज़बान इंग्लैंड ने 400 से अधिक एथलीटों की एक विशाल टीम के साथ “वी विल वी विल रॉक यू!” के शोर में अंततः प्रवेश किया। प्रिंस चार्ल्स ने तब महारानी के संदेश को पढ़ा जो सात अक्टूबर को कॉमनवेल्थ बैटन के साथ बकिंघम पैलेस से रवाना हुआ था। बाद में उन्होंने आधिकारिक तौर पर खेलों के 22वें संस्करण की घोषणा की, और शानदार आतिशबाजी के प्रदर्शन के साथ समारोह का अंत हुआ।

हिन्द वतन समाचार की रिपोर्ट…