शिंजो आबे की हालत नाजुक, प्रधानमंत्री किशिदा ने कहा- ‘यह लोकतंत्र की नींव पर हमला…

शिंजो आबे की हालत नाजुक, प्रधानमंत्री किशिदा ने कहा- ‘यह लोकतंत्र की नींव पर हमला…

भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आहत, बोले–मित्र आबे पर हमले से व्यथित हूं…

टोक्यो, 08 जुलाई। जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा ने शुक्रवार को पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे पर हुए प्राणघातक हमले के बाद अपने संबोधन में कहा कि लोकतंत्र में हिंसा की कोई जगह नहीं है। मैं इस हमले की कड़े शब्दों में निंदा करता हूं। यह लोकतंत्र की नींव पर हमला है।

उन्होंने कहा कि आबे की हालत गंभीर है। मैं दिल से दुआ कर रहा हूं कि आबे ठीक हो जाएं।’ फुमियो किशिदा ने आगे कहा कि यह बर्बर और दुर्भावनापूर्ण है और इसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। हम वो सब कुछ करेंगे जो हम कर सकते हैं। इस समय डॉक्टर शिंजो आबे को बचाने के लिए हर संभव कोशिश कर रहे हैं।

शिंजो आबे पर हुए हमले की दुनिया भर में निंदा हो रही है। भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शिंजो आबे पर हुए हमले पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि उनके विचार और प्रार्थनाएं जापान की जनता के साथ हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट संदेश में कहा- “ मैं प्रिय मित्र शिंजो आबे पर हुए हमले से बहुत व्यथित हूं। हमारे विचार और प्रार्थनाएं उनके, उनके परिवार और जापान के लोगों के साथ हैं।”

जापानी कम्युनिस्ट पार्टी के चेयरमैन काजोउ शी ने ट्वीट कर कहा, ”शिंजो आबे पर बर्बर हमला बर्दाश्त करने लायक नहीं है। हम उम्मीद करते हैं कि आबे जल्द ही ठीक हो जाएंगे।”

इस बर्बरता पर व्हाइट हाउस ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। व्हाइट हाउस ने कहा कि जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे पर हुए हमले की हम बारीकी से निगरानी कर रहे हैं। हम उनके परिवार और जापान के लोगों के साथ हैं।

जापान में वॉशिंगटन पोस्ट की ब्यूरो चीफ मिशेल ये ही ली ने ट्वीट किया है, ”शिंजो आबे जापान में अब भी बहुत लोकप्रिय हैं। जापान में हिंसा अपवाद स्वरूप होती है।”

उल्लेखनीय है कि आबे रविवार को संसद के अपर हाउस के लिए होने वाले चुनाव प्रचार में हिस्सा ले रहे थे। शिंजो आबे पर पश्चिमी जापान के नारा शहर में प्राणघातक हमला हुआ है। भाषण देने के दौरान उनको निशाना बनाकर गोली दागी गई। हमले में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। पुलिस ने हमलावर को गिरफ्तार कर लिया है।

जापान के सरकारी समाचार प्रसारक एनएचके वर्ल्ड न्यूज के मुताबिक भाषण के दौरान पूर्व प्रधानमंत्री और लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी के अध्यक्ष आबे पर हमला हुआ। गोलीबारी में वे बुरी तरह घायल हो गए। घटनास्थल पर गोली चलने की आवाज सुनी गई। शिंजो आबे को इलाज के लिए तत्काल अस्पताल ले जाया गया है, जहां डॉक्टरों की एक टीम उनका उपचार कर रही है।

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है कि नारा शहर में भाषण के दौरान शिंजो आबे पर एक शख्स ने गोली चला दी। गोली लगने से वे खून से लथपथ होकर मंच पर गिर पड़े। पुलिस ने हमलावर को गिरफ्तार कर लिया है।

उल्लेखनीय है कि जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे को भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में से एक पद्म विभूषण से सम्मानित किया जा चुका है। भारत और जापान के बेहतर संबंधों में उनकी अहम भूमिका मानी जाती है।

इससे पहले 1932 में जापान के प्रधानमंत्री इनुकाई सुयोशी की हत्या एक नौसेना अधिकारी ने कर दी थी। जापान उन देशों में शुमार है, जहां बंदूक रखने को लेकर बेहद कड़े कानून हैं। शिंजो आबे ने इसी साल फरवरी में कहा था कि जापान को लंबे समय से जारी एक वर्जना को तोड़ देना चाहिए और परमाणु हथियारों पर सक्रिय बहस शुरू करनी चाहिए।

हिन्द वतन समाचार की रिपोर्ट…