*हिरासत में पुलिस के खाने से खुश नहीं कांग्रेस सांसद,*

*हिरासत में पुलिस के खाने से खुश नहीं कांग्रेस सांसद,*

*विडियो शेयर कर साधा निशाना*

नई दिल्ली, 14 जून। ‘नेशनल हेराल्ड’ समाचार पत्र से जुड़े कथित धनशोधन के एक मामले में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ ईडी की पूछताछ को लेकर प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस के नेताओं को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया। हालांकि हिरासत में लिए गए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को दिए जा रहे खाने को लेकर कांग्रेस के एक सांसद ने दिल्ली पुलिस पर निशाना साधा।

तेलंगाना कांग्रेस के प्रभारी मनिकम टैगोर ने दो वीडियो शेयर किए हैं। एक वीडियो में दिल्ली पुलिस द्वारा उपलब्ध कराए गए खाने को दिखाया गया है जबकि एक अन्य वीडियो में दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा उपलब्ध कराया गया खाना दिखाया गया है। हिरासत में लिए गए नेताओं के लिए दिल्ली पुलिस के खाने में पूरी और एक सब्जी दिख रही है, जबकि दिल्ली कांग्रेस प्रमुख अनिल चौधरी द्वारा उपलब्ध कराए गए भोजन में एक फेमस रेस्टोरेंट की बड़े करीने से पैक की गई थाली है। वीडियो में देखा जा सकता है कि कांग्रेस कार्यकर्ता अनिल चौधरी द्वारा उपलब्ध कराई गई थाली खाते दिख रहे हैं।

कांग्रेस सांसद मनिकम टैगोर ने ट्वीट करते हुए लिखा, “दिल्ली कांग्रेस के भाइयों के साथ दोपहर का भोजन।” सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने कांग्रेस नेता के ट्वीट पर तंज कसा है। एक ट्विटर यूजर ने कहा, “पार्टी हो रही है या प्रोटेस्ट।” एक अन्य ट्विटर यूजर ने लिखा, “क्या इस वीवीआईपी ट्रीटमेंट को पोस्ट करना जरूरी था?” इससे पहले दिन में, कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ नेताओं को पुलिस और सुरक्षा बलों के साथ सीधी तकरार में देखा गया। पार्टी कार्यालय पहुंचने की कोशिश में कई पार्टी कार्यकर्ताओं और यहां तक कि कुछ सांसदों को भी हिरासत में लिया गया।