एफआईएच विश्व हॉकी रैंकिंग में छठें स्थान पर पहुंची भारतीय महिला टीम…

एफआईएच विश्व हॉकी रैंकिंग में छठें स्थान पर पहुंची भारतीय महिला टीम…

नई दिल्ली, 31 मई। भारतीय महिला हॉकी टीम एफआईएच विश्व हॉकी रैंकिंग में अपनी अब तक की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग छठे स्थान पर पहुंच गई है। भारतीय टीम 2029.396 अंकों के साथ विश्व रैंकिंग में स्पेन से ऊपर है। स्पेन की टीम अर्जेंटीना से अपने दोनों एफआईएच हॉकी प्रो लीग मैच हार गई थी और उसे बेल्जियम और इंग्लैंड के हाथों भी हार का सामना करना पड़ा था। भारतीय महिला हॉकी टीम वर्तमान में एफआईएच हॉकी प्रो लीग 2021/22 तालिका में 8 मैचों में 22 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है। भारत का सामना 11 और 12 जून को बेल्जियम से होगा।

इस उपलब्धि पर भारतीय महिला हॉकी के मुख्य कोच जननेके शोपमैन ने कहा, एक टीम के रूप में, हमारा लक्ष्य महिला हॉकी में सुधार और विकास करना और लगातार दावेदार बनना है। एफआईएच विश्व रैंकिंग में वृद्धि एक अच्छा संकेत है कि हम सही रास्ते पर हैं। उन्होंने कहा, एफआईएच महिला हॉकी प्रो लीग और एफआईएच महिला विश्व कप आने वाले हैं और चीजें जल्दी से बदल सकती हैं और इसलिए हमें अपने प्रदर्शन पर ध्यान देना होगा।

भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान सविता ने भी इस उपलब्धि पर खुशी जताई। उन्होंने कहा, यह पिछले कुछ महीनों में हमारी टीम द्वारा की गई कड़ी मेहनत का परिणाम है। हमने मजबूत प्रतिस्पर्धी टीमों के खिलाफ एक टीम के रूप में एक साथ काम किया है और अच्छे नतीजे हासिल किए हैं, और हमें गर्व है कि हम एक इकाई के रूप में एक साथ बढ़ रहे हैं और सीख रहे हैं। सविता ने कहा, हमें उम्मीद है कि हम अपनी वृद्धि जारी रखेंगे क्योंकि हम बेल्जियम और नीदरलैंड के खिलाफ कठिन चुनौतियों के लिए तैयार हैं। हमें विश्वास है कि हम अच्छे परिणाम प्राप्त करने में सक्षम होंगे और सुधार करना जारी रखेंगे।

हिन्द वतन समाचार की रिपोर्ट…