देर रात SSP की बड़ी कार्रवाई: थाने के 6 पुलिसकर्मी सस्पेंड…

देर रात SSP की बड़ी कार्रवाई: थाने के 6 पुलिसकर्मी सस्पेंड…

गैंगस्टर के कहने पर दो लोगों को फर्जी मामले में भेजा था जेल…

आगरा/उत्तर प्रदेश:- आगरा में एसएसपी ने मंगलवार देर रात थाना जगदीशपुरा के छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया। ये पुलिसकर्मी गैंगस्टर सनी कबाड़िया के साथ मिले हुए थे। उसके कहने पर दो लोगों को पुलिसकर्मियों ने फर्जी केस में फंसाकर दोनों लोगों से पांच लाख रुपए की वसूली भी की। इसके बाद भी उन्हें अवैध तरीके से हिरासत में रखा गया था।

एसएसपी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि 10 दिन पहले जगदीशपुरा थाने की पुलिस ने कोठी मीना बाजार स्थित रावत पेट्रोल पंप से जितेंद्र सिंह और अमित कुमार को पकड़ा था। दोनों को छोड़ने के लिए उनसे पांच लाख रुपए वसूले। इसके बाद भी दोनों को जुआ अधिनियम में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। एसएसपी को दोनों को अवैध तरीके से पकड़कर वसूली करने के लिए हिरासत में रखने की शिकायत मिली थी। इसकी जांच कराई गई और प्रारंभिक जांच में पुलिसकर्मियों पर लगे आरोप सही पाए गए।

एसएसपी के अनुसार, जांच में सामने आया कि पुलिसकर्मियों ने गैंगस्टर सनी कबाड़िया से दो लाख रुपए लिए थे। उसने यह रकम अमित और जितेंद्र को पकड़ने के लिए दी थी। दोनों को पकड़़ने के बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में रखा। उन्हें छोड़ने के बदले पांच लाख रुपए अवैध रूप से वसूले। मामला अधिकारियों तक पहुंचने पर पुलिस ने अमित और जितेंद्र के खिलाफ जुआ अधिनियम में कार्रवाई कर दी। एसएसपी की इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप हैं।

गैंगस्टर सनी ने कोर्ट में किया था समर्पण

सनी कबाड़िया पर पुलिस ने 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। सनी पर 14 मुकदमे दर्ज हैं, इनमें अधिकांश जुआ अधिनियम के हैं। वह फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए टीम लगी हुई थीं, लेकिन वह हाथ नहीं आया। सनी ने मंगलवार को अदालत में समर्पण कर दिया।

इनको किया निलंबित

उपनिरीक्षक ऋषिपाल सिंह, उपनिरीक्षक मनोज कुमार, उपनिरीक्षक अर्जुन प्रताप सिंह
आरक्षी राजीव कुमार,आरक्षी दीपक राणा, आरक्षी गौरव डागर

हिन्द वतन समाचार की रिपोर्ट…