फेसबुक के बाद रूस ने इंस्टाग्राम पर भी लगाया प्रतिबंध…

फेसबुक के बाद रूस ने इंस्टाग्राम पर भी लगाया प्रतिबंध…

मास्को, 14 मार्च। यूक्रेन पर रूस के हमले की गाज रूस के सोशल मीडिया प्रयोक्ताओं पर भी गिर रही है। रूस के लोग अब सोशल मीडिया एप इंस्टाग्राम का भी इस्तेमाल नहीं कर सकेंगे। रूस की सरकार ने फेसबुक के बाद इंस्टाग्राम पर भी प्रतिबंध लगा दिया है।

रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे युद्ध में सोशल मीडिया प्लेटफार्म भी युद्ध का एक केंद्र बने थे। दुनिया के कई मुख्य सोशल मीडिया प्लेटफार्म युद्धकाल में रूस द्वारा अपने इस्तेमाल को रोकने के लिए कई तरह के तकनीकी प्रावधान कर चुके हैं। गूगल ने रूसी स्टेट मीडिया के यूट्यूब चैनल के विज्ञापन को हटा दिया है, वहीं ट्विटर ने रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध के बीच विज्ञापन पर रोक लगा दी है। मेटा के स्वामित्व वाले फेसबुक एप पर रूस पहले ही पाबंदी लगा चुका है। अब मेटा के ही स्वामित्व वाले दूसरे एप इंस्टाग्राम को भी रूस में प्रतिबंधित कर दिया गया है।

फेसबुक और इंस्टाग्राम के अलावा रूस में टिकटॉक पर भी आंशिक रूप से प्रतिबंध लगा है। इसके अंतर्गत टिकटॉक के प्रयोक्ता पहले से अपलोडेड वीडियो देख तो सकते हैं लेकिन नया वीडियो अपलोड नहीं कर सकते। रूस के यूक्रेन पर आक्रमण के बाद मेटा ने कहा था कि वह रूस के यूजर्स के लिए अपनी हेट स्पीड की पॉलिसी में बदलाव कर रहा है। इस बदलाव के बाद रूस के यूजर्स फेसबुक पर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के खिलाफ हिंसक और उकसाने वाले पोस्ट कर सकते थे। पॉलिसी में इसी बदलाव के बाद रूस की सरकार ने मेटा के दोनों एप, फेसबुक और इंस्टाग्राम पर प्रतिबंध लगाया है।

हिन्द वतन समाचार की रिपोर्ट…