महिला बैंक प्रबंधक को शादी का झांसा देकर नौ लाख ठगे…

महिला बैंक प्रबंधक को शादी का झांसा देकर नौ लाख ठगे…

पुलिस जांच में जुटी…

साहिबाबाद, 19 फरवरी। शातिर ठग ने महिला बैंक प्रबंधक को शादी करने का झांसा देकर नौ लाख रुपये ठग लिए। ठग ने खुद को शहरी विकास मंत्रालय का चीफ प्रोजेक्ट मैनेजर बताकर ठगी को अंजाम दिया। पीड़िता ने कौशांबी थाने में उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई।

कौशांबी थाना क्षेत्र में एक महिला बैंक प्रबंधक रहती हैं। मार्च-2021 में उनकी एक विवाह के पाेर्टल के माध्यम से एक व्यक्ति से शादी के संबंध में बातचीत शुरू हुई। उसने खुद को शहरी विकास मंत्रालय का चीफ प्रोजक्ट मैनेजर बताते हुए अपना पहचान पत्र भी दिखाया। कुछ समय बाद अपनी मां की तबीयत खराब होने की बात बताई।

मई-2021 में उपचार के लिए उनसे नौ लाख रुपये लिए। उसे जुलाई – 2021 में वापस करने की बात की। जून-2021 में खुद को मध्य प्रदेश स्थित अपने गांव में होने की बात की। कहा कि माता-पिता से शादी की बात कर लेगा। जुलाई-2021 में उसने बताया कि उसकी मां की मौत हो गई। उसके बाद वह वाट्सएप काल के जरिये बात करता रहा। संकोचवश वह उससे रुपये नहीं मांग पाईं।

महिला बैंक प्रबंधक के पास सितंबर-2021 को गुरुग्राम पुलिस की काल आई। पुलिस ने उस व्यक्ति के बारे में पूछताछ करते हुए बताया कि वह शातिर ठग है। लड़कियों से विवाह के पोर्टल पर बात करके ठगी करता है। गुरुग्राम में उसके और साथियों के खिलाफ धोखाधड़ी व दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज है। उन्होंने शहरी विकास मंत्रालय में संपर्क किया तो उस व्यक्ति के नाम का कोई भी चीफ प्रोजेक्ट मैनेजर नहीं मिला। इससे उन्हें पता चला कि वह ठगी की शिकार हो गईं। उन्होंने उससे वाट्सएप काल करके अपने पैसे मांगे। उसने अक्टूबर-2021 में अपना वाट्सएप नंबर बंद कर लिया। उन्होंने उसी समय इंदिरापुरम कोतवाली में शिकायत दी।

16 फरवरी को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पवन को शिकायत दी। 17 फरवरी को उस व्यक्ति के खिलाफ कौशांबी थाने में शिकायत दी। पुलिस क्षेत्राधिकारी इंदिरापुरम अभय कुमार मिश्र ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। उसके आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

हिन्द वतन समाचार की रिपोर्ट…