कांग्रेस ने यूपी चुनाव की पहली सूची जारी की, 50 महिलाओं को मिला टिकट…

कांग्रेस ने यूपी चुनाव की पहली सूची जारी की, 50 महिलाओं को मिला टिकट…

उन्नाव रेप पीड़िता की मां, सोनभद्र नरसंहार पीड़ित एवं लखनऊ (मध्य) से सदफ जफर को बनाया गया उम्मीदवार…

सलमान खुर्शीद की पत्नी व प्रमोद तिवारी की बेटी एवं नोएडा से पंखुड़ी पाठक को मिला टिकट…

लखनऊ/नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए आज कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने पार्टी के 125 उम्मीदवारों का एलान कर दिया है। पहली सूची में 40 फीसदी महिलाओं को टिकट दिया गया है। प्रियंका गांधी ने महिलाओं के नामों का एलान करते हुए कहा कि ये सभी महिलाएं संघर्ष करने वाली हैं। बड़ी बात यह है कि कांग्रेस ने उन्नाव रेप पीड़िता की मां आशा देवी को भी टिकट दिया है, इसके साथ ही सोनभद्र नरसंहार पीड़ित रामराज गोंड को भी उम्मीदवार बनाया गया है।
कांग्रेस की आज जारी सूची में 50 महिलाएं शामिल हैं। प्रियंका गांधी ने कहा, ”125 उम्मीदवारों की सूची में से 50 महिलाएं हैं। हमने प्रयास किया है कि संघर्षशील और पूरे प्रदेश में नई राजनीति की पहल करने वाले प्रत्याशी हों।” उन्होने कहा, ”पहली सूची में 40 फीसदी युवाओं को भी टिकट दिया गया है। हमारी कोशिश है कि हम इनके माध्यम से यूपी की राजनीति को नई दिशा देने में कामयाब होंगे।” कांग्रेस की पहली सूची में जिन प्रत्याशियों को टिकट मिला है, उनमें पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद की पत्नी लुईस खुर्शीद, नोएडा से चर्चित महिला नेत्री पंखुड़ी पाठक, लखनऊ मध्य से सदफ जफर, (सदफ एनआरसी विरोधी आंदोलन में जेल गई थीं) रामपुर खास से आराधना मिश्रा (मौजूदा विधायक-प्रमोद तिवारी की पुत्री) सोनभद्र नरसंहार पीड़ितों के लिए आवाज उठाने वाले नेता को उम्भा से, शाहजहांपुर से आशा कार्यकर्ता पूनम पांडे एवं हस्तिनापुर से आर्चना गौतम का नाम शामिल हैं।
हमारी कोशिश मुद्दों को केंद्र में लाने की- प्रियंका…..
वर्चुअल प्रेस कांफ्रेंस में प्रियंका गांधी ने कहा, ”इस लिस्ट में कुछ महिला पत्रकार भी हैं, एक अभिनेत्री हैं और बाकी संघर्षशील महिलाएं हैं, जिन्होंने कांग्रेस में रहते हुए कई साल संघर्ष किया है।” उन्होंने कहा, ‘’पार्टी ने जीतने और लड़ने की क्षमता देखकर महिला उम्मीदवारों को चुना है। आज यूपी में तानाशाही सरकार है। हमारी कोशिश मुद्दों को केंद्र में लाने की है। ”नेताओं के कांग्रेस छोड़ने के सवाल पर प्रियंका गांधी ने कहा, ‘’ये हर चुनाव में होता है। कुछ लोग आते हैं, कुछ लोग जाते हैं। कुछ घबरा जाते हैं।हमारे संघर्ष के लिए हिम्मत की जरूरत है। किसी के जाने से दुख तो होता ही है।’’
संघर्ष करने वाली महिलाओं को टिकट: प्रियंका…..
प्रियंका गांधी ने कहा कि सूची नया संदेश दे रही है कि यदि आपके साथ अत्याचार हुआ तो आपके पास यह शक्ति है कि आप अपने हक के लिए लड़ो। आपकी लड़ाई में कांग्रेस पार्टी आपका साथ देगी। सत्ता अपने हाथ में लें। प्रियंका गांधी ने कहा, ”हमारी उन्नाव की प्रत्याशी उन्नाव गैंगरेप पीड़िता की मां हैं। हमने उनको मौका दिया है कि वे अपना संघर्ष जारी रखें। जिस सत्ता के ​जरिए उनकी बेटी के साथ अत्याचार हुआ, उनके परिवार को बर्बाद किया गया, वही सत्ता वे हासिल करें। हमने सोनभद्र नरसंहार के पीड़ितों में से एक रामराज गोंड को भी टिकट दिया है।
आशा कार्यकत्री पूनम पांडेय को भी मिला टिकट….
उन्होने कहा कि इसी तरह आशा बहनों ने कोरोना में बहुत काम किया, लेकिन उन्हे पीटा गया। उन्हीं में से एक पूनम पांडेय को भी हमने टिकट दिया है। लखनऊ में सदफ जाफर ने सीएए-एनआरसी के समय बहुत संघर्ष किया था। सरकार ने उनका फोटो पोस्टर में छपवाकर उन्हे प्रताड़ित किया। मेरा संदेश है कि अगर आपके साथ अत्याचार हुआ तो आप अपने हक के लिए लड़ें। कांग्रेस ऐसी महिलाओं के साथ है।” (13 जनवरी 2022)

विशेष संवाददाता विजय आनंद वर्मा की रिपोर्ट, , ,