देश की आज सबसे बड़ी खबर…

देश की आज सबसे बड़ी खबर…

पंजाब के फिरोजपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में बड़ी चूक, वापस दिल्ली लौटे…

मोदी ने अफसरों से कहा, अपने सीएम को धन्यवाद देना मैं जिंदा वापस लौट आया…

कांग्रेस बोली- रैली में भीड़ कम होने व किसानों के विरोध के चलते लौटे प्रधानमंत्री…

लखनऊ/चंडीगढ़। पंजाब के फिरोजपुर में रैली को संबोधित करने के लिए सड़क मार्ग से जा रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सुरक्षा व्यवस्था में चूक/लापरवाही के चलते रास्ते से ही दिल्ली वापस लौटना पड़ा है, जिसको लेकर पंजाब पुलिस एवं सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने ट्वीट कर कहा है कि प्रधानमंत्री मोदी के काफिले को रास्ते में प्रदर्शनकारियों ने रोक दिया था।
भाजपा अध्यक्ष ने यह भी कहा है कि इसके बाद पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को फोन किया गया था, लेकिन उनकी तरफ से कुछ नहीं किया गया। उन्होंने ट्वीट में लिखा, ‘पंजाब में कांग्रेस सरकार द्वारा इस्तेमाल की जाने वाली रणनीति लोकतांत्रिक सिद्धांतों में विश्वास रखने वाले किसी भी व्यक्ति को परेशान करेगी।’ जेपी नड्डा ने अपने ट्वीट में लिखा, ‘लोगों को रैली में शामिल होने से रोकने के लिए राज्य पुलिस को निर्देश दिया गया था। पुलिस की सख्ती और प्रदर्शनकारियों की मिलीभगत के कारण बड़ी संख्या में बसें रास्ते में लगाई गई थीं। यह दुखद है कि पंजाब के लिए हजारों करोड़ की विकास परियोजनाओं को शुरू करने के लिए पीएम का दौरा बाधित हो गया।
दरअसल, डेढ़ बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फिरोजपुर में एक रैली को संबोधित करने के लिए जाना था। इसमें उन्हे कई परियोजनाओं का शिलान्यास करना था। लेकिन मौसम खराब होने की वजह से वह हेलीकॉप्टर से नहीं जा सके। इसके बाद सड़क के रास्ते जाने का फैसला किया गया। हुसैनीवाला से 30 किलोमीटर आगे प्रदर्शनकारियों ने रास्ते को रोक दिया। प्रदर्शनकारी सड़क मार्ग के बीच में आए और रास्ते को रोक दिया।
15 से 20 मिनट ओवर ब्रिज पर फंसे रहे प्रधानमंत्री…
दिल्ली से आई खबरों में पहले कहा गया कि पंजाब में सुरक्षा कारणों से प्रधानमंत्री की फिरोजपुर रैली रद्द, खराब मौसम के चलते सड़क मार्ग से फिरोजपुर जा रहे थे प्रधानमंत्री। भठिंडा से फिरोजपुर जाते समय 15-20 मिनट तक फंसा रहा नरेंद्र मोदी का काफिला, सूत्रों का कहना- कुछ लोगों ने जाम किया था फ्लाईओवर के पास रास्ता, बीच रास्ते से दिल्ली लौटे नरेंद्र मोदी। गृहमंत्रालय ने पंजाब सरकार से मांगी रिपोर्ट, जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई के निर्देश। प्रधानमंत्री की सुरक्षा में चूक की खबर आने से मचा हड़कंप, गिर सकती है कई अधिकारियों पर गाज।
कृषि कानून रद्द होने के बाद पीएम मोदी का यह पंजाब का पहला दौरा था। इस रैली में पंजाब के पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह को भी शामिल होना था। रैली रद्द होने पर केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा- कई कारणों से प्रधानमंत्री हमारे बीच उपस्थित नहीं हो रहे हैं, लेकिन प्रधानमंत्री ने कहा है कि हम ये कार्यक्रम रद्द नहीं स्थगित कर रहे हैं।

*फिरोजपुर के एसपी को किया गया सस्पेंड. . . . .*
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में चूक का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों एवं भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने इसे बड़ी लापरवाही एवं पंजाब सरकार द्वारा प्रधानमंत्री की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ बताया है। इस बीच खबर है कि फिरोजपुर के एसपी हरमन हंस को सस्पेंड कर दिया गया है।
*पंजाब की सरकार माफी मांगे- योगी. . . . .*
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि प्रधानमंत्री जी के पंजाब दौरे में उनकी सुरक्षा के साथ जो खिलवाड़ हुआ, पंजाब सरकार के संरक्षण में हुआ है वो पंजाब की अराजकता और दुर्व्यवस्था का जीता जागता उदाहरण है। उन्होने कहा कि इसके लिए कांग्रेस शासित पंजाब की सरकार को माफी मांगनी चाहिए।

(5 जनवरी 2022)

विशेष संवाददाता विजय आनंद वर्मा की रिपोर्ट, , ,