*नारी निकेतन में 30 वर्षीय महिला की मौत,*

*नारी निकेतन में 30 वर्षीय महिला की मौत,*

 

*12 दिनों में 3 महिलाओं की जा चुकी जान,* 

*डीएम ने दिए जांच के आदेश*

*नोएडा।* सेक्टर-34 स्थित राजकीय महिला शरणालय (नारी निकेतन) में मंगलवार को एक और महिला की संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई। पिछले 12 दिनों में निकेतन में तीसरी महिला की मौत हुई है। दावा किया जा रहा है कि महिला बीमार थी। सेक्टर-24 पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने जांच के आदेश दिए हैं।

सेक्टर-34 में राजकीय महिला शरणालय (नारी निकेतन) है। यहां पर 30 वर्षीय रुबी पिछले काफी समय से रह रही थी। शरणालय प्रबंधन ने रुबी को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल की तरफ से पुलिस को मामले की सूचना दी गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौत के कारणों के संबंध में प्रबंधन से पूछताछ की। प्रबंधन ने दावा किया कि महिला कई दिनों से बीमार थी। हालत गंभीर होने पर उसे अस्पताल ले जाया गया था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।

नारी निकेतन में पिछले 12 दिनों में तीसरी महिला की मौत ने प्रशासन में हड़कंप मचा दिया है। इसको लेकर प्रबंधन की व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। नारी निकेतन में रहने वाली प्रियंका नाम की 25 वर्षीय युवती की 30 दिसंबर को मौत हो गई थी, जबकि 23 दिसंबर को भी एक अन्य महिला की भी मौत हुई थी। मौत की सही वजह भी सामने नहीं आ रही है।

नारी निकेतन में लगातार हो रही मौत को लेकर भी जिला प्रशासन ने गंभीरता दिखाई है। जिलाधिकारी सुहास एल वाई ने प्रकरण की जांच के आदेश दिए हैं। इसके तहत मौत के कारणों सहित अन्य बिंदुओं पर जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि इस मामले में कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

वर्तमान में नारी निकेतन में 115 से ज्यादा महिलाएं रहती है। इनमें से करीब 70 फीसदी मानसिक रूप से बीमार हैं। इनकी देखरेख के लिए सिर्फ आठ महिलाकर्मियों को रखा गया है जबकि व्यवस्था के अनुसार देखरेख के लिए करीब 48 का स्टाफ होना चाहिए। स्टाफ की कमी की वजह से महिलाओं की देखरेख नहीं हो रही है। महिलाओं की मौत का कारण स्टाफ की कमी को भी बताया जा रहा है। देखरेख के अभाव में यहां रहने वाली महिलाएं बीमार हो रही हैं।

 *–वर्जन–*

पुलिस अपने स्तर पर मामले की जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत के कारण का पता चल सकेगा। इसके अलावा अन्य बिंदुओं पर भी जांच की जा रही है।