मलिहाबाद में देवर ने भाभी को गोली मारी, हालत गंभीर…

मलिहाबाद में देवर ने भाभी को गोली मारी, हालत गंभीर..

घटना के पीछे के कारण एवं फरार आरोपी का पता लगाने में पुलिस जुटी

“मलिहाबाद (लखनऊ)। मलिहाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम नजरनगर निवासी मोहित यादव की पत्नी रोली (23 वर्ष) को उसी का छोटा देवर सौरभ यादव पेट में गोली मारकर फरार हो गया। गोली की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीणों ने जाकर देखा तो खून से लथपथ रोली जमीन पर पड़ी थी। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी, मौके पर पहुंची पुलिस ने गंभीर हालत में रोली को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। लेकिन डॉक्टरों ने हालत नाजुक देख उसे ट्रामा सेंटर रेफर दिया है।
ग्रामीणों के अनुसार गांव निवासी राजेन्द्र यादव की पुत्री रोली यादव ने लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व घर से भागकर मोहित यादव से शादी की थी। मोहित यादव ट्रैक्टर चलाकर पत्नी रोली व एक वर्ष की पुत्री का पालन पोषण करता है।अचानक देवर और भाभी के बीच में ऐसा क्या हुआ जो उसने अपनी भाभी पर गोली चला दी, इसकी किसी को जानकारी नहीं है।
प्रभारी निरीक्षक नित्यानंद सिंह ने बताया कि ग्रामीणों से प्राप्त जानकारी के अनुसार देवर ने भाभी को अज्ञात कारणों के चलते गोली मारी है। मामले में खबर लिखे जाने तक कोई तहरीर नही मिली थी। आरोपी फरार हो गया है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच करने के साथ ही आरोपी देवर की तलाश कर रही है।

हिन्द वतन समाचार की रिपोर्ट