संपत्ति के फर्जी कागजात तैयार कर 6 करोड़ का लोन लेने वाला गिरफ्तार…

संपत्ति के फर्जी कागजात तैयार कर 6 करोड़ का लोन लेने वाला गिरफ्तार…

साथियों के साथ मिलकर किया फर्जीवाड़ा…

नई दिल्ली। संपत्ति के फर्जी कागजात तैयार कर निजी वित्तीय संस्थाओं से करोड़ों रुपये कर्ज लेकर ठगी करने वाले आरोपित को दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) गिरफ्तार किया है। आरोपित ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर वित्तीय संस्थानों से कर्ज लेने के लिए फर्जी कागजात की श्रृंखला बनाई। कर्ज मिलने के बाद आरोपितों ने एक दो माह की किस्त जमा किया। उसके बाद सभी फरार हो गए।आरोपितों ने पंजाब नेशनल बैंक, यूनियन बैंक, बैंक ऑफ इंडिया और दीवान हाउसिंग फाइनेंस कॉर्पोरेशन लिमिटेड से करीब छह करोड रुपये से अधिक का कर्ज लेकर फर्जीवाड़ा किया है।

इस मामले में पुलिस दो लोगों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। ईओडब्ल्यू के अतिरिक्त आयुक्त आरके सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित कोटला मुबारकपुर निवासी महेश्वर शर्मा है। वर्ष 2019 में में दीवान हाउसिंग फाइनेंस कॉर्पोरेशन लिमिटेड (डीएचएफएल) की तरफ से शिकायत मिली थी। इसमें बताया गया कि पंजाबी बाग के एक संपत्ति को गिरवी रखकर र¨वदर और उसके बेटे ने सवा दो करोड़ रुपये का कर्ज लिया। आरोपितों ने कुछ किस्त का भुगतान करने के बाद में किस्त देना बंद कर दिया। जांच में पता चला कि जिस संपत्ति को गिरवी रखकर कर्ज लिया गया उसका मालिक जसबीर सिंह मट्टा है।

आरोपितों ने उनकी संपत्ति के फर्जी कागजात तैयार कर ठगी को अंजाम दिया। आरोपितों ने कागजात में संपत्ति को 2015 में महेश्वर शर्मा से खरीदने की का उल्लेख किया था। जांच में पाया गया कि आरोपितों ने कर्ज हासिल करने के लिए डीएचएफएल को संपत्ति के फर्जी कागजात दिए थे। जबकि संपत्ति पर जसबीर सिंह का स्वामित्व था। पुलिस ने वर्ष 2020 में आरोपित रविंदर और उसके बेटे सौरव को गिरफ्तार किया। वहीं आरोपित महेश्वर शर्मा ने फर्जी कागजात तैयार करवाए थे। ऐसे में पुलिस टीम ने शुक्रवार को उसे गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है। अन्य मामलों की भी जांच की जा रही है।

कई वित्तीय संस्थाओं को ठगा : जांच में पता चला है कि आरोपितों ने संपत्ति के फर्जी कागजात को गिरवी रखकर कई वित्तीय संस्थानों से कर्ज लिया है। एक ही संपत्ति को अलग-अलग लोगों के नाम स्वामित्व दिखा कर यह फर्जीवाड़ा किया गया।

हिन्द वतन समाचार की रिपोर्ट…