अखिलेश ने कार्यकर्ताओं में चुनाव के प्रति जोश भरा…

अखिलेश ने कार्यकर्ताओं में चुनाव के प्रति जोश भरा…

लखनऊ 16 दिसम्बर। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं को लखनऊ मुख्यालय पर सम्बोधित करते हुए कहा है कि जनता भाजपा के साथ नहीं है। लोगों में भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ तीव्र रोष है। महंगाई, भ्रष्टाचार से लोग त्रस्त हैं। चारों ओर बदलाव की हवा बह रही है। जनता को उम्मीद है कि समाजवादी सरकार बनने पर ही उनकी जिंदगी में खुशहाली आ सकेगी।
उत्तर प्रदेश समाजवादी सरकार में जितना आगे बढ़ा था उससे दूर तक पीछे चला गया है। बड़े पैमाने पर नौकरी और रोजगार नहीं है। सरकारी भर्तियां रूकी हुई है, नौजवानों का भविष्य अंधकारमय है। महिलाओं को जगह-जगह अपमानित होना पड़ता है। जो इन्वेस्टमेंट के वादे किए गए थे, वे वादे ही बने हुए हैं। भाजपा सरकार में कोरोना काल में जीते जी लोगों को न इलाज मिला नहीं मरने के बाद पीड़त आश्रितों को मुआवजा मिला। कोविड मौतों के मुआवजे पर उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार को माननीय सर्वोच्च न्यायालय ने कड़ी टिप्पणी की है। मुख्यमंत्री के झूठे वादों और कोविड काल में स्वास्थ्य व्यवस्था की झूठी तारीफ की पोल खुल गई हैं। कोरोना काल में जलती लाशों और गंगा में बहती लाशों के विचलित करने के दृश्य आज भी लोग याद कर सिहर जाते हैं।
सच तो यह है कि भाजपा को जनहित के कामों में जरा भी दिलचस्पी नहीं रही है। उसकी नफरत की राजनीति के चलते समाज में अलगाव और वैमनस्य पनपता है। सन्2022 के चुनाव भाजपा की पराजय और समाजवादी पार्टी की जीत की गाथा लिखी जानी तय है।

हिन्द वतन समाचार की रिपोर्ट…