आंध्र सड़क हादसे में 9 की मौत, 9 घायल…

आंध्र सड़क हादसे में 9 की मौत, 9 घायल…

मृतकों के परिजनों को मिलेंगे 5-5 लाख रु…

एलुरु, 15 दिसंबर। आंध्र प्रदेश के पश्चिम गोदावरी जिले के जंगारेड्डीगुडेम में बुधवार को हुई भीषण सड़क दुर्घटना में राज्य पथ परिवहन निगम (एपीएसआरटीसी) की बस के जलेरू नाले में गिरने से नौ यात्रियों की मौत हो गई और नौ अन्य घायल हो गए।

पुलिस ने कहा कि अश्वरावपेट से जंगारेड्डीगुडेम जा रही बस में 40 से अधिक यात्री सवार थे। पुलिस के मुताबिक बस रेलिंग से टकराने के बाद पुल से 30 फुट ऊंचाई से नाले में जा गिरी, जिसके कारण यह हादसा हुआ। पास के मछुआरों और राहगीरों ने कुछ यात्रियों को बचाया लेकिन तब तक पांच महिलाओं सहित नौ यात्रियों की मौत हो चुकी थी। मृतकों में बस चालक चिन्ना राव भी शामिल है।
सभी शवों को दुर्घटनाग्रस्त बस से बाहर निकाल लिया गया। अब तक चार यात्रियों की पहचान चिन्ना राव, पी दुर्गा, वरलक्ष्मी और ए मधुबाबू के रूप में हुई है।
घायल लोगों को जंगारेड्डीगुडेम के सरकारी सामान्य अस्पताल (जीजीएच) में स्थानांतरित कर दिया गया है।
आरटीसी अधिकारियों ने कहा कि दुर्घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।
इस बीच, मुख्यमंत्री वाई एस जगन मोहन रेड्डी ने नौ आरटीसी बस यात्रियों की मौत पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये सहायता राशि देने की घोषणा की है।
श्री रेड्डी ने पश्चिम गोदावरी जिला कलेक्टर से बात की और घायलों को बेहतर उपचार प्रदान करने के लिए कदम उठाने का निर्देश दिया।
आंध्र प्रदेश के राज्यपाल बिस्वा भूषण हरिचंदन ने पश्चिम गोदावरी जिले के जंगारेड्डीगुडेम मंडल में जलेरू के पास बस दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया जिसमें चालक सहित नौ यात्रियों की जान चली गई।
तेलुगू देशम पार्टी के प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने भी नौ बस यात्रियों की मौत पर दुख व्यक्त किया।

हिन्द वतन समाचार की रिपोर्ट…