नशा देकर नाबालिग का अपहरण कर किया दुष्कर्म…

नशा देकर नाबालिग का अपहरण कर किया दुष्कर्म…

लड़की को छोड़कर फरार हुआ आरोपी…

हिसार/हरियाणा। जिले के उकलाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की को नशा देकर अपहरण करने व उससे दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी पर केस दर्ज कर लिया है लेकिन अभी उसकी गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। पीड़िता की मां ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है उसकी 16 साल की बेटी रात को अचानक गायब हो गई थी।

घरवालों ने उसकी तलाश की, लेकिन उसका कहीं कोई अता-पता नहीं चला। अगले दिन उनके पास आदमपुर पुलिस का फोन आया, तब पता चला कि बेटी आदमपुर के अस्पताल में भर्ती है। लड़की का पिता और मामा वहां पर पहुंचे तो देखा कि लड़की बेहोशी की हालत में थी। उसने बताया कि पड़ोसी सुनील ने रात को उसे कुछ खिला दिया था, जिससे उसे चक्कर आने लगे। इसके बाद सुनील उसे अपने साथ किसी अनजान जगह पर ले गया और वहां पर उसके साथ दुष्कर्म किया।

अगले दिन सुबह सुनील उसे आदमपुर में छोड़कर फरार हो गया और वह वहां पर बेहोश हो गई। इसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना देकर उसे अस्पताल में भर्ती करवाया। पुलिस ने बताया कि लड़की का मेडिकल कराया गया है। उसके बयान भी दर्ज कर लिए गए हैं। मामले में आरोपी सुनील के खिलाफ केस दर्ज करके उसकी तलाश में छापामारी भी शुरू कर दी गई है।

हिन्द वतन समाचार की रिपोर्ट…