पुलिस व बदमाशों में मुठभेड़, दो को लगी गोली…

पुलिस व बदमाशों में मुठभेड़, दो को लगी गोली…

नोएडा। थाना सेक्टर-39 पुलिस और बदमाशों के बीच देर रात मुठभेड़ हो गई। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली दो बदमाशों के पैर में लगी है। वहीं मौके से भागे दो बदमाशों को पुलिस ने पीछा करके पकड़ लिया है। इन बदमाशों ने 25 सितंबर को सेक्टर-37 के पास से एक ऑटो चालक से हथियार के बल पर ऑटो रिक्शा लूटा था।

अपर पुलिस उपायुक्त (जोन प्रथम) रणविजय सिंह ने बताया कि थाना सेक्टर-39 पुलिस बृहस्पतिवार की रात को सेक्टर-44 के पास चेकिंग कर रही थी। तभी एक ऑटो रिक्शा में सवार होकर कुछ बदमाश आते हुए दिखाई दिए। शक होने पर पुलिस ने ऑटो रिक्शा को रोकने का प्रयास किया। बदमाश रुकने के बजाय पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नियत से गोली चलाते हुए भागने लगे। अपर उपायुक्त ने बताया कि जवाबी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने भी गोली चलाई। उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा चलाई गई गोली अर्जुन पुत्र अशोक निवासी भजनपुरा दिल्ली तथा विश्वास पुत्र मथुरादास निवासी झाझर जनपद बुलंदशहर के पैर में लगी है। उन्होंने बताया कि दो बदमाश मोमराज पुत्र जगदीश तथा अर्जुन पुत्र जयराम मौके से भाग गए थे। पुलिस ने पीछा करके उन्हें पकड़ लिया। उन्होंने बताया कि इन बदमाशों के पास से पुलिस ने लूट में प्रयुक्त होने वाला एक ऑटो रिक्शा, 2 देशी तमंचे, कारतूस आदि बरामद किया है। उन्होंने बताया कि ये लोग ऑटो रिक्शा में सवारी बनकर बैठते हैं, तथा ऑटो चालक के साथ मारपीट कर हथियार के बल पर लूटपाट करते हैं। इन बदमाशों ने एनसीआर में लूटपाट की दर्जनों वारदातें करनी स्वीकार की है।

हिन्द वतन समाचार की रिपोर्ट…