संयुक्त किसान मोर्चा 27 सितम्बर को करेगा भारत बन्द

संयुक्त किसान मोर्चा 27 सितम्बर को करेगा भारत बन्द

लखनऊ, 09 सितंबर। लखनऊ के इंदिरा नगर में रैदास भवन में गुरुवार को प्रदेश की 60 किसान यूनियनों के पदाधिकारियों की सहमति पर बने संयुक्त किसान मोर्चा उत्तर प्रदेश की बैठक हुई। किसानों की बैठक में किसान नेताओं ने संयुक्त रूप से 27 सितंबर को भारत बंद का एलान किया है।

लखनऊ में 2 दिन चलने वाली बैठक के पहले दिन संयुक्त किसान मोर्चा उत्तर प्रदेश के पदाधिकारियों ने किसानों के मुद्दों पर आंदोलन की योजना बनाई और इसमें 27 सितम्बर को भारत बंद एवं 26 और 27 अक्टूबर को लखनऊ में महापंचायत करने की घोषणा की। किसानों की लखनऊ में होने वाली महापंचायत को लेकर और भी किसान संगठनों से वार्ता करने की योजना बनाई गई है।

इस मौके पर संयुक्त किसान मोर्चा उत्तर प्रदेश के 9 सदस्य टीम का गठन हुआ। टीम के सदस्य कमलेश ने बताया कि मौजूदा हालात में किसानों के मुद्दे किसी से छिपे नहीं हैं और देश में किसानों का आंदोलन चरम पर है। उत्तर प्रदेश में भी किसानों के मुद्दों पर छोटे आंदोलन कई हो चुके, अब समय आ गया है कि किसानों की बड़ी महापंचायत की जाएं।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में संयुक्त किसान मोर्चा अपनी पहली बैठक में किसानों के हर मुद्दे पर आंदोलन की रूपरेखा तैयार कर चुकी है। प्रदेश की 60 किसान यूनियनों के एक मंच पर आने से हम बेहद मजबूत हुए हैं।