तेज आवाज में गाना बजाने से रोकने पर विवाद…

तेज आवाज में गाना बजाने से रोकने पर विवाद…

सीआरपीएफ के रिटायर्ड जवान को मारी गोली…

बिहारशरीफ, 03 जुलाई। नूरसराय थाना क्षेत्र के पावापट्टी गांव में टेंपो खड़ा कर तेज आवाज में गाना बजाने के विवाद ने तूल पकड़ लिया। इसके बाद दो गुटों के बीच जमकर पत्थरबाजी व गोलीबारी हो गई। गोलीबारी की घटना में एक रिटायर्ड सीआरपीएफ जवान घायल हो गए। घायल जवान उक्त गांव निवासी चंद्रसेन पासवान है। उन्‍हें लेकर स्‍वजन पटना चले गए। उनके पेट में गोली लगी है।

ग्रामीणों ने बताया कि टेंपो लगाने को लेकर चंद्रसेन पासवान व विलास पासवान के बीच विवाद हुआ था। ग्रामीणों का कहना है कि पावापट्टी गांव में निर्धारित स्थल पर देर रात तक कई लोग अपना टेंपो खड़ा रखते हैं। एक टेंपो में फुल वॉल्यूम में गाना बजाया जा रहा था। इससे आसपास के लोग परेशान हो रहे थे। इसी का विरोध रिटायर्ड सीआरपीएफ जवान ने किया। उसके बाद विवाद और बढ़ गया। देखते ही देखते दोनों तरफ से ईंट-पत्थर चलने लगे। इसी बीच बदमाशों ने फायरिंग कर दी, जिसमें एक गोली रिटायर्ड जवान के पेट में लग गई। इसके बाद अफरातफरी मच गई। आनन-फानन में घायल को स्वजन पटना लेकर चले गए। थानाध्यक्ष ने बताया कि घायल के बयान के बाद ही मामला स्पष्ट हो पाएगा। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

दीपनगर थाना अंतर्गत ओकनामा गांव में सीआरपीएफ जवान मंटू पासवान का शव गांव पहुंचते ही ग्रामीणों की आंखे नम हो गई। पिछले एक साल से ब्लड कैंसर होने के कारण उनका इलाज दिल्ली के मेदांता अस्पताल में चल रहा था। इलाज के दौरान ही उनकी मौत हो गई। स्व.सुखु पासवान के पुत्र मंटू 4 भाइयों में सबसे छोटा था।साल 2017 में सीआरपीएफ में कांस्टेबल के पद पर जम्मू कश्मीर में तैनात थे। 2018 में उनकी शादी हुई थी तथा उनका 2 साल की एक बच्ची भी है।

हिन्द वतन समाचार की रिपोर्ट…