घर में सो रही महिला के शरीर से गहने उतार ले गए चोर…

घर में सो रही महिला के शरीर से गहने उतार ले गए चोर…

गाजियाबाद। अंबेडकर नगर विजय नगर में रहने वाले एक वकील के पूरे परिवार को बेहोश कर चोरों ने लाखों के माल पर हाथ साफ कर दिया। चोरों ने वकील की पत्नी के पहने हुए गहने भी उतार लिए। होश में आने पर वकील परिवार को मामले की जानकारी हुई। इसके बाद उन्होंने पुलिस में तहरीर दी है। पुलिस ने तहरीर के अधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने बताया कि अंबेडकर नगर की गली नंबर 17 में रहने वाले एडवोकेट राहुल देव कुमार ने पुलिस में शिकायत दी है। बताया है कि वह यहां अपने परिवार के साथ रहते हैं और गाजियाबाद कचहरी में प्रैक्टिस करते हैं। शुक्रवार की रात वह अपने घर में सो रहे थे। इसी दौरान करीब एक बजे के आसपास चोर छत के रास्ते उनके घर में घुसे और स्प्रे मार कर पूरे परिवार को अचेत कर दिया। इसके बाद उनकी पत्नी मीनाक्षी की पहनी हुई अंगूठी, पाजेब और कानों के टॉप्स खोल लिए। इसके अलावा चोरों ने घर में रखी 40 हजार की नगदी, मोबाइल फोन व अन्य जरूरी सामान भी समेट लिया। उन्होंने बताया कि स्प्रे की वजह से इस वारदात की जानकारी परिवार के किसी भी सदस्य को नहीं हो पायी। यहां तक कि उनकी पत्नी को भी शरीर से जेवर उतारे जाने का एहसास नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि सुबह थोड़ी देर से उनकी नींद खुली तो देखा कि पूरे घर में सामान बिखरा हुआ था। माजरा समझ में आने के बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने पीड़ित परिवार की तहरीर के अधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हिन्द वतन समाचार की रिपोर्ट…