*वृद्ध की गोली मारकर हत्या, पुलिस जांच में जुटी*

*वृद्ध की गोली मारकर हत्या, पुलिस जांच में जुटी*

 *फिरोजाबाद।* थाना नसीरपुर क्षेत्र अन्तर्गत शुक्रवार की देर रात्रि में एक वृद्ध की गोली मारकर हत्या कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया है। घटना के पीछे जमीनी विवाद बताया जा रहा है। पुलिस घटना की जांच में जुटी है। थाना नसीरपुर क्षेत्र के गांव बलालपुर निवासी माहताब सिंह यादव (85) पुत्र स्व.नेपाल सिंह शुक्रवार की रात घर पर सोये हुए थे। बताया जाता है कि तभी देर रात्रि में उन्हें किन्ही लोगों ने गोली मार दी। जिससे उनकी मौत हो गई। घटना से गांव में हड़कम्प मच गया। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही थाना पुलिस के साथ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय कुमार भी मौके पर पहुंच गये। पुलिस टीम ने घटना स्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये जिला अस्पताल भिजवाया है। पुलिस घटना की जांच में जुट गई है। इस सम्बंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि माहताब सिंह यादव को दो लोगों द्वारा गोली मार दी है, उनकी मृत्यु हो गई है। इस सूचना पर हमारी नसीरपुर पुलिस तत्परता से मौके पर पहुंची और जांच की। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिये जिला अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया गया है। पुलिस बल मौके पर है जांच पड़ताल की जा रही है। कुछ नाम प्रकाश में आये है उन लोगों को हिरासत में लेने के लिये टीमें रवाना कर दी गई है। एसएसपी का कहना है कि जो तहरीर आयेगी उसके अनुसार और पुलिस की जांच के अनुसार कार्यवाही की जायेगी। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जायेगा और किसी भी निर्दोष का उत्पीड़न नहीं किया जायेगा। बहुत जल्दी तहरीर के आधार पर मुकदमा लिखकर इस घटना का खुलासा किया जायेगा।