अधिवक्ता पर बंदर छोड़कर छह हजार रुपये लूटे, दो गिरफ्तार…

अधिवक्ता पर बंदर छोड़कर छह हजार रुपये लूटे, दो गिरफ्तार…

नई दिल्ली। बंदर की मदद से लूटपाट करने वाले दो दोस्तों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी बंदर को पीड़ित को काटने के लिए छोड़ देते हैं और इस दौरान लूटपाट कर बंदर के साथ फरार हो जाते थे। आरोपियों ने इसी तरह एक अधिवक्ता से छह हजार रुपये लूट लिए। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों बलवान नाथ और विक्रम नाथ के पास से बंदर को लेकर वन्य जीव संरक्षण अधिकारी को सौंप दिया है। पुलिस आरोपियों के तीसरे साथी की तलाश कर रही है।

पुलिस उपायुक्त अतुल कुमार ठाकुर ने बताया कि मालवीय नगर थाना पुलिस को दो मार्च की शाम लूट की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस टीम को पीड़ित ने बताया कि वह एक वकील है और खिड़की एक्सटेंशन में रहता है। वह अपने घर जाने के लिए ऑटो में बैठा था तभी दो अन्य व्यक्ति भी एक बंदर लेकर वहां बैठ गए। ऑटो में बैठने के बाद बदमाशों ने लूटपाट शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने पीड़ित पर बंदर छोड़ दिया। बंदर के काटने के डर से युवक ने उन्हे पर्स दे दिया। इसके बाद युवक मौके से फरार हो गए। घटना में बंदर की संलिप्तता देखकर पुलिस टीम ने जांच शुरू की। इस दौरान आठ मार्च को पुलिस को सूचना मिली कि चिराग दिल्ली बस स्टॉप के पास दो युवक बंदरों के साथ घूम रहे हैं और वे घटना में संलिप्त भी रहे हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस घटना में शामिल एक अन्य आरोपी अजय की तलाश कर रही है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी युवक खेल दिखाने के लिए करीब तीन माह पहले तुगलकाबाद के जंगलों से बंदर पकड़ लाए थे और उन्हें प्रशिक्षित कर रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ वन्य जीव संरक्षण कानून के उल्लंघन की धाराएं लगाई हैं। पुलिस आरोपितों के अन्य आपराधिक इतिहास के बारे में जानकारी जुटा रही है।

हिन्द वतन समाचार की रिपोर्ट…