वृंदावन कुंभ बैठक: पौने दो लाख रुद्राक्ष से बना 25 फीट ऊंचा शिवलिंग, जलाभिषेक शुरू…

वृंदावन कुंभ बैठक: पौने दो लाख रुद्राक्ष से बना 25 फीट ऊंचा शिवलिंग, जलाभिषेक शुरू…

वृंदावन में यमुना किनारे चल रहे कुंभ पूर्व वैष्णव बैठक में आस्था और भक्ति के विविध रंग देखने को मिल रहे हैं। गुरुवार को कुंभ बैठक क्षेत्र में अनूठे शिवलिंग का जलाभिषेक हुआ। 25 फीट ऊंचे इस शिवलिंग को पौने दो लाख रुद्राक्ष से बनाया गया है, जो श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। उधर, सांस्कृतिक पंडाल में श्रीराम लीला का मंचन किया गया। इससे भगवान श्रीकृष्ण की भूमि पर भगवान श्रीराम की जय-जयकार हो उठी। कुंभ पूर्व वैष्णव बैठक के नरोत्तम नगर में 25 फीट ऊंचे पौने दो लाख रुद्राक्ष से बने श्री गोपेश्वर महादेव के दिव्य शिवलिंग पर जलाभिषेक शुरू हो गया। भजन गायक नंदकिशोर शर्मा एवं विष्णु कांत शास्त्री ने सबसे पहले जलाभिषेक किया। नंदकिशोर शर्मा ने बताया कि प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु 21 फीट ऊंचे मंच पर जाकर भगवान शंकर का जलाभिषेक कर सकेंगे। भगवान बांकेबिहारी की नगरी श्रीधाम वृंदावन में यमुना तट पर आयोजित कुंभ पूर्व वैष्णव बैठक के सांस्कृतिक पंडाल में गुरुवार को श्रीराम लीला का मंचन किया गया। अयोध्या से आए सजीवन मिश्रा के निर्देशन में आयोजित श्रीराम लीला मंचन से भगवान श्रीकृष्ण की भूमि पर भगवान श्रीराम की जयजयकार हो उठी। श्रीराम लीला मंचन में भगवान श्रीराम, सीता एवं सभी कलाकारों का अभिनय देखते ही बन रहा था। साधु-संतों के दर्शन के साथ यमुना स्नान कर भक्तिभाव से श्रद्धालु अध्यात्म में डूबे हैं। कुंभ में आ रहे श्रद्धालु ठाकुरजी की निशानी के रूप में कुछ ना कुछ लेकर जाने की लालसा रख रहे हैं। कई श्रद्धालु तो अपने हाथों में राधा-कृष्ण सहित देवी देवताओं के नाम को गुदवा रहे हैं। फैशन पर भी आध्यात्मिक रंग चढ़ गया है। पारंपरिक तरीकों से इतर युवा राधाकृष्ण, महादेव, शिवाय, ऊं, मोरपंखी और त्रिशूल के टैटू बनवा रहे हैं। इस कार्य में युवतियां भी पीछे नही हैं। वृंदावन कुंभ बैठक में देशभर से श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी है। हर रोज हजारों श्रद्धालु यमुना में स्नान कर रहे हैं। आई न्यूज इस धार्मिक आयोजन को प्रमुखता से प्रकाशित कर रहा है। श्रद्धालु भी कुंभ क्षेत्र में खींच गई सेल्फी आई न्यूज को भेज रहे हैं, जो आई न्यूज पर प्रकाशित रहती होती हैं।

पत्रकार अमित गोस्वामी की रिपोर्ट…