मुरादनगर शमशान घाट हादसा: नगर विकास सचिव पर गंभीर आरोप…

मुरादनगर शमशान घाट हादसा: नगर विकास सचिव पर गंभीर आरोप…

विधायक: सरकार की छवि खराब कर रहे हैं कुछ आधिकारी 👆                                             नगर विकास सचिव अनुराग यादव पर लगे गंभीर आरोप 👆

भाजपा विधायक नंद किशोर गुर्जर ने राज्यपाल से की कार्रवाई की मांग…

कहा- कुछ अधिकारी निकायों के स्तर पर हो रहे भ्रष्टाचार में हैं लिप्त…

लखनऊ/गाजियाबाद। श्मशान घाट हादसे के बाद भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी का मुद्दा लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। ठेकेदार, सरकारी कर्मचारी/अधिकारियों के बीच गठजोड़ को भ्रष्टाचार की अहम कड़ी माना जा रहा है। इसी बीच गाजियाबाद के लोनी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक नंद किशोर गुर्जर की ओर से राज्यपाल को एक पत्र लिखकर मुरादनगर शमशान घाट हादसे के बारे में कई गंभीर आरोप लगाते हुए प्रदेश के नगर विकास सचिव आईएएस अनुराग यादव पर भी कार्रवाई की मांग की गई है। उन्होने यह भी कहा है कि जिलास्तर पर की जा रही जांच को शासन में बैठे अधिकारी न केवल दबा रहें हैं बल्कि दबा जांच रिपोर्टों को गायब भी कर दिया जा रहा है।
प्रदेश की राज्यपाल को भेजे गए अपने पत्र में भाजपा विधायक नंद किशोर गुर्जर ने मुरादनगर शमशान घाट हादसे का जिक्र करते हुए लिखा है कि लोनी नगर पालिका की एक जांच शासन को भेजी गई थी, लेकिन उस पर कार्रवाई करने के बजाय दोबारा रिपोर्ट मांगी गई, दोबारा जांच रिपोर्ट भेजे जाने के बाद भी उस पर कोई कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होने आरोप लगाया कि इसी का नतीजा है कि निकायों के स्तर पर भ्रष्टाचार पनप रहा है और मुरादनगर जैसी लोमहर्षक घटना घटी।
नगर विकास सचिव अनुराग यादव पर सवाल उठाते हुए विधायक ने लिखा है कि शमशान घाट में ढांचा निर्माण हेतु मुरादनगर नगर पालिका में बिना किसी अवर अभियंता की नियुक्ति के नगर पालिका को श्री अनुराग यादव द्वारा कमीशन के उद्देश्य से जारी किया गया फंड भी हादसे का एक कारण है। उन्होने अनुराग यादव एवं लोनी नगर पालिका में सपा शासन में हुए भ्रष्टाचार की जांच जिलाधिकारी गाजियाबाद से मंगवाकर कार्रवाई किए जाने की मांग की है, ताकि प्रदेश सरकार की नीति वह मंशा के अनुरूप जनता को न्याय मिल सके। (6 जनवरी 2021)

विशेष संवाददाता विजय आनंद वर्मा की रिपोर्ट, , ,