*अभद्र व्यवहार व छेड़खानी से तंग बुजुर्ग महिला पहुंची महिला आयोग*

*अभद्र व्यवहार व छेड़खानी से तंग बुजुर्ग महिला पहुंची महिला आयोग*

*सोनीपत, 24 नवंबर (राजेश आहूजा)।* कबीरपुर की एक बुजुर्ग महिला ने हरियाणा राज्य महिला आयोग की सदस्य सोनिया अग्रवाल को शिकायत दी है, जिसमें उन्होंने अपने पड़ोसी व्यक्ति से सुरक्षा प्रदान करवाने की मांग की है। आयोग की सदस्य ने पीडि़ता को न्याय दिलाने का भरोसा दिया। उन्होंने तुरंत दोनों पक्षों को सुनवाई के लिए 25 नवंबर को पेश होने के निर्देश दिए हैं।

हरियाणा महिला आयोग की सदस्य सोनिया अग्रवाल ने बताया कि कबीरपुर की पीडि़ता ने अपने पड़ोसी पर अभद्र व्यवहार तथा छेडख़ानी और धमकी देने का आरोप लगाया है। पीडि़त महिला ने अपनी शिकायत में कहा है कि आरोपी ने उनके बेटे को भी जान से मारने की धमकी दी है। ऐसे में दोनों माँ-बेटा चिंताग्रस्त हैं। उन्हें अपने पड़ोसी से खतरा है। इसलिए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें न्याय दिलाया जाए। इसके पहले पीडि़ता ने 11 नवंबर को आरोपी पड़ोसी के खिलाफ पुलिस थाना सदर में शिकायत दी थी।

शिकायत लेते हुए सदस्य सोनिया अग्रवाल ने पीडि़ता को पूर्ण विश्वास दिलाया कि उनके साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि आपको पूरा न्याय मिलेगा। उन्होंने मामले की सुनवाई के लिए दोनों पक्षों को पुलिस थाना सदर में पेश होने के निर्देश दिए हैं।