*बीजेपी विधायक के मामा की हत्या के आरोप में*

*बीजेपी विधायक के मामा की हत्या के आरोप में*

*दो भाड़े के हत्यारों समेत तीन गिरफ्तार*

*गाजियाबाद।* गाजियाबाद के मुरादनगर से भाजपा विधायक अजीत पाल त्यागी के मामा नरेश त्यागी की हत्या के आरोप में पुलिस ने भाड़े के दो हत्यारों को समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस जांच में पता चला है कि जितेंद्र त्यागी ने ही नरेश त्यागी की हत्या के लिए शूटर हायर किए थे। उसने वारदात के लिए दो लाख रुपये की सुपारी दी थी। इसमें 50 हजार रुपये हत्यारों को एडवांस दिए थे, बाकी की रकम वारदात के बाद दी जानी थी। गिरीश त्यागी के कहने पर जितेंद्र ने एक स्थानीय बदमाश मनोज की मदद से दोनों शूटर को तैयार किया।

एसएसपी कलानिधि नैथानी ने बताया कि नरेश त्यागी की हत्या सौंदा रोड मोदीनगर के रहने वाले बदमाश विपिन शर्मा ने की थी। वह फिलहाल दिल्ली के अशोक नगर में रह रहा था। उसके साथ खुशहाल गुलावटी बुलंदशहर का रहने वाला बदमाश अर्पण चौधरी भी था, जबकि सद्दीकनगर सिहानी के रहने वाले मनोज ने इन बदमाशों से नरेश त्यागी की पहचान कराई और वारदात के लिए इन्हें हथियार उपलब्ध कराए। शुक्रवार की सुबह पुलिस ने रोटरी गोल चक्कर पर नाका लगाकर दोनों शूटरों विपिन शर्मा और अर्पण चौधरी को गिरफ्तार कर लिया।

वहीं इनकी निशानदेही पर इनकी मदद करने वाले स्थानीय बदमाश मनोज को भी उसके घर से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इन बदमाशों के पास से वारदात में इस्तेमाल पिस्टल, अन्य हथियार और स्कूटी आदि बरामद कर ली है।

एसएसपी के मुताबिक, जितेंद्र त्यागी से पूछताछ में ही बदमाशों के बारे में पूरी जानकारी मिल गई थी। इसके बाद पुलिस ने बदमाशों की घेराबंदी शुरू कर दी। इसी दौरान सूचना मिली कि शूटर बकाया रकम लेने के लिए शुक्रवार सुबह मनोज के पास आने वाले हैं। पुलिस ने रोटरी गोल चक्कर पर दोनों को दबोच लिया।