*कोरोना संक्रमित मां-बेटे अस्पताल की पांचवीं मंजिल पर एक ही कमरे में भर्ती*

*कोरोना संक्रमित मां-बेटे अस्पताल की पांचवीं मंजिल पर एक ही कमरे में भर्ती*

*पांचवीं मंज़िल से कूदकर महिला ने दी जान*

*नई दिल्ली,  नवंबर।* शाहदरा स्थित राजीव गांधी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में बुधवार को एक कोरोना संक्रमित महिला ने पांचवीं मंजिल से कूदकर जान दे दी। पॉजिटिव होने पर मंगलवार को पद्मजा और उनके बेटे को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मृतका 52 वर्षीय पद्मजा के पास से पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। प्राथमिक जांच में अवसाद के चलते आत्महत्या की बात सामने आ रही है। पुलिस मृतका के परिजनों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।

पद्मजा मूलरूप से आंध प्रदेश की रहने वाली थीं। वह शाहदरा के दिलशाद गार्डन में रहती थी। परिवार में पति और एक बेटा है। पद्मजा का बेटा चेन्नई की एक बहुराष्ट्रीय कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर है। लॉकडाउन के बाद वह दिल्ली आ गया था। करीब एक सप्ताह पहले पद्मजा के पति कोरोना पॉजीटिव हो गए थे। उपचार के लिए उन्हें राजीव गांधी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सोमवार को पद्मजा और उनके बेटे की तबीयत खराब हो गई। जांच कराने पर दोनों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके बाद मंगलवार शाम दोनों राजीव गांधी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती हो गए। मां-बेटे को अस्पताल के पांचवीं मंजिल पर एक ही कमरे में भर्ती किया गया।

*“चाय पीने के बाद खिड़की से कूद गई”*

अस्पताल में बुधवार सुबह मां-बेटे के लिए चाय आई। दोनों ने चाय पी। इसके बाद करीब 7:30 बजे पद्मजा अचानक खिड़की के पास पहुंची और नीचे कूद गई। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। उनके बेटे को कुछ समय में नहीं आया कि आखिर उनकी मां ने अचानक आत्महत्या क्यों कर ली। पद्मजा की मौत से परिवार के लोग सदमे में हैं। इस अस्पताल में पहले भी एक मरीज ने खिड़की से कूदकर आत्महत्या का प्रयास किया था, लेकिन उसे बचा लिया गया था।