*विवाद इतना बढ़ा कि आक्रोश में आये पति ने डंडे से पीट-पीटकर*

*विवाद इतना बढ़ा कि आक्रोश में आये पति ने डंडे से पीट-पीटकर*

*पत्नी को उतारा मौत के घाट*

 

*प्रयागराज, 07 नवंबर।* धूमनगंज थानान्तर्गत सुलेमसराय न्याय नगर में आज प्रातः एक पति ने अपनी पत्नी की डंडे से पीटकर हत्या कर दी। गई। सूचना पाकर जब तक पुलिस मौके पर पहुंचती आरोपित पति भाग निकला। वारदात के पीछे पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद बताया जाता है। पुलिस आरोपित की तलाश में दबिश दे रही है।

जानकारी के अनुसार धूमनगंज थानान्तर्गत न्याय नगर सुलेम सराय निवासी निहाल कुमार बाइक मिस्त्री है। आज शनिवार की सुबह उसका पत्नी सुनीता (35) से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। मामला बढ़ा तो उसने आक्रोश में आकर घर में रखा डंडा उठाया और सुनीता के सिर पर कई वार किया। वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ी। चीख पुकार सुनकर परिवार के अन्य सदस्यों के साथ ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। सुनीता को देखा तो वह मर चुकी थी। वारदात को अंजाम देकर भाग रहे आरोपित निहाल को लोगों ने पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह फरार हो गया। सूचना पाकर इंस्पेक्टर धूमनगंज अरुण चतुर्वेदी मौके पर पहुंचे। कुछ देर बाद सीओ सिविल लाइंस भी पहुंच कर घटनास्थल का निरीक्षण किया, साथ ही परिवार के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने कमरे से हत्या में प्रयुक्त डंडे को बरामद कर लिया। परिवार के लोगों के साथ ही आसपास के लोगों ने बताया कि प्रतिदिन किसी न किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद होता था। हालांकि बात हत्या तक पहुंच जाएगी, किसी ने सोचा भी नहीं था। सीओ का कहना है कि पति-पत्नी के आपसी विवाद में घटना हुई है। आरोपित निहाल की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगाई गई है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। साथ ही पूरे मामले की जांच की जा रही है कि आखिर पति-पत्नी के बीच किस बात को लेकर रोज झगड़ा होता था।