लखनऊ में कोरोना का कहर जारी, आज मिले 312 पाॅजिटिव…

लखनऊ में कोरोना का कहर जारी, आज मिले 312 पाॅजिटिव…

लखनऊ में कोरोना से आज भी 4 मौतें: अब तक 82 लोगों की हुई मृत्यु…

पुलिस फोर्स में भी तेजी से बढ़ रहें हैं कोरोना के मरीज: चिनहट थाने के 7 पुलिसकर्मी पाॅजिटिव मिले…

सीतापुर में पीटीसी के 70 जवानों की रिपोर्ट पाॅजिटिव आने से हड़कंप…

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में कोरोना का कहर लगातार जारी है, शनिवार को 429 पाॅजिटिव मिले थे जबकि कल इनकी संख्या और बढ़कर 449 हो गई थी। आज इसमें कुछ कमी जरूर आई है परन्तु आज राजधानी में पाॅजिटिव मरीज मिलने की संख्या 300 से ऊपर ही रही। लखनऊ केजीएमयू के कोरोना वार्ड में भर्ती 4 कोरोना मरीजों की मौत हो गई एवं आज भी शाम तक 312 पाॅजिटिव मिले हैं।
दूसरी ओर लखनऊ पुलिस को भी कोरोना तेजी से अपनी चपेट में लेता जा रहा है। चिनहट थाने के 7 पुलिस कर्मियों की रिपोर्ट पाॅजिटिव आई है। 90 पुलिसकर्मियों की शुक्रवार को टेस्टिंग हुई थी जिसमें एक एसआई, एक हेड कांस्टेबल, एक महिला कांस्टेबल व 4 कांस्टेबल की रिपोर्ट पाॅजिटिव आई है। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं केजीएमयू के कोरोना वार्ड में भर्ती एबी नगर, उन्नाव के 70 वर्षीय व्यक्ति की आज दोपहर मृत्यु हो गई, उन्हे कल रात भर्ती कराया गया था। गांधीनगर, बस्ती निवासी 65 वर्षीय व्यक्ति की कल देर रात मृत्यु हो गई, उन्हे 19 जुलाई को भर्ती कराया गया था। लखनऊ के निरालानगर निवासी 72 वर्षीय बुजुर्ग की भी आज दोपहर मृत्यु हो गई, उन्हे आज ही भर्ती कराया गया था। लखनऊ के एक अन्य व्यक्ति की भी आज कोरोना वार्ड में मौत होने की खबर है। लखनऊ में कोरोना से अब तक 82 लोगों की मृत्यु हो चुकी है।
कानपुर:10 थाना क्षेत्रों में 31 जुलाई तक लाॅकडाउन
प्रदेश में भी कोरोना संक्रमितों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। पिछले 24 घंटे में प्रदेश में 3,578 नए केस मिले हैं। वहीं प्रदेश में भी पुलिस फोर्स में कोरोना तेजी से फैलता जा रहा है। सीतापुर में पुलिस ट्रेनिंग कालेज (पीटीसी) के 70 जवानों की रिपोर्ट पाॅजिटिव आई है, एक साथ पीटीसी में इतने जवानों की रिपोर्ट पाॅजिटिव आने से हड़कंप मच गया है। उधर कोरोना के बढ़ रहे मरीजों के चलते कानपुर में 10 थाना क्षेत्रों चकेरी, कल्याणपुर, नौबस्ता, बर्रा, स्वरुपनगर, गोविंद नगर, काकादेव, फीलखाना, ग्वालटोली, नवाबगंज एवं किदवई नगर में 31 जुलाई तक के लिए लाॅकडाउन बढ़ा दिया गया है। (27 जुलाई 2020)

संवाददाता सुहेल मारूफ की रिपोर्ट…