मंगल बाजार में तीन महिलाओं के पर्स से निकाले नगदी और मोबाइल…

मंगल बाजार में तीन महिलाओं के पर्स से निकाले नगदी और मोबाइल…

फिरोजाबाद,। फिरोजाबाद शहर के ओवर ब्रिज के नीचे लगने वाले मंगल बाजार में जेबकट गिरोह स‌क्रिय हो गया है। मंगलवार को तीन महिलाओं के पर्स और नकदी चोरी हो गए। महिलाओं ने दो महिलाओं को पकड़ लिया। सूचना पर उत्तर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पकड़ी गई महिलाओं को पुलिस थाने ले गई। यहां उनसे पूछताछ की जा रही है। लेबर कॉलोनी निवासी पायल वर्मा, करबला गली नंबर दस निवासी पिंकी और आगरा के बाह निवासी सोनम, बेबी रिश्तेदार के यहां से मंगल बाजार करने के लिए आई थी। तभी महिला गिरोह की सदस्यों ने पायल वर्मा का मोबाइल फोन और 15 सौ रुपये, पिंकी का मोबाइल और तीन सौ रुपये तथा सोनम, बेबी का मोबाइल व तीन हजार रुपये निकाल लिए। महिलाओं को जेब कटने की जानकारी हुई तो उन्होंने दो महिलाओं को पकड़ लिया। पकड़ी गई महिलाएं रसूलपुर थाना क्षेत्र के मोहल्ला दुर्गेशनगर की रहने वाली बताई गई है। पीड़ित महिलाओं का कहना था कि जिन महिलाओं को पकड़ा गया है। उनके साथ दो और महिलाएं थी। मोबाइल और पैसे चोरी होने के बाद वह दोनों महिलाएं गायब हो गई। बाजार में महिलाओं की जेब कटने की सूचना पर काफी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। सूचना पर उत्तर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस पकड़ी गई दोनों महिलाओं को थाने ले गई। थानाध्यक्ष उत्तर नरेंद्र कुमार शर्मा का कहना है कि पकड़ी गई महिलाओं से पूछताछ की जा रही है।

हिन्द वतन समाचार की रिपोर्ट…