दिल्ली में भारत जोड़ो यात्रा को लेकर उत्साह : माकन…

नई दिल्ली, 19 दिसंबर। कांग्रेस की दिल्ली इकाई ने सोमवार को पार्टी नेता राहुल गांधी की अगुवाई वाली ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की तैयारियों को लेकर पार्टी कार्यालय में बैठक की। कांग्रेस नेता अजय माकन ने सोमवार को कहा कि दिल्ली में भारत जोड़ो यात्रा को लेकर लोग उत्साहित हैं।
माकन ने यहां मीडिया से बातचीत में कहा कि भारत जोड़ो यात्रा को लेकर आज दिल्ली में कांग्रेस नेताओं ने बैठक की है और सभी नेता इस यात्रा को लेकर उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले कुछ दिनों में यात्रा दिल्ली पहुंचेगी। ऐसे में आज सभी कांग्रेस पदाधिकारियों की जिम्मेदारियां तय की गई हैं। माकन ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा बहुत सफल होगी।
उल्लेखनीय है कि भारत जोड़ो यात्रा इस समय राजस्थान के दौसा शहर में है। यात्रा दौसा से अलवर होते हुए 24 दिसंबर को दिल्ली में दाखिल होगी। इस दौरान दिल्ली कांग्रेस के लोग यात्रा का स्वागत करेंगे।
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने बताया है कि यात्रा दिल्ली में आने के बाद 9 दिन का ब्रेक लेगी। इस दौरान यात्रियों के कैंटेनरों की मरम्मत कराई जाएगी। ब्रेक के बाद यह उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और अंत में जम्मू और कश्मीर की ओर बढ़ेगी।
हिन्द वतन समाचार की रिपोर्ट…