हिंदू राव अस्पताल में ओटी ब्लॉक का छज्जा ढहा…

हिंदू राव अस्पताल में ओटी ब्लॉक का छज्जा ढहा…

नई दिल्ली,। दिल्ली नगर निगम के हिंदूराव अस्पताल में शुक्रवार को एमएस ऑफिस के निकट ऑपरेशन थियेटर ब्लॉक की पहली मंजिल का छज्जा ढह गया। मलबे में एक कार और करीब पांच मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त हो गईं। अस्पताल में प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि छज्जा गिरने पर कोई मरीज या उसके तीमारदार घायल नहीं हुए हैं। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि छज्जे की मरम्मत को लेकर इंजीनियरिंग विभाग के अधिकारियों को कहा गया है। शुक्र है कि हादसे में कोई घायल नहीं हुआ है।

जानकारी के मुताबिक, छज्जा गिरने की घटना करीब पौने चार बजे हुई। उस समय अस्पताल में मरीज और उनके तीमारदारों की आवाजाही कम थी। अचानक ओटी की पहली मंजिल का छज्जा भरभरा कर ढह गया। उसके नीचे खड़ी अस्पताल के ही कर्मचारी की कार और अन्य लोगों की मोटरसाइकिल पर मलबा आ गिरा। इससे वे क्षतिग्रस्त हो गए। छज्जा गिरने की जानकारी मिलने पर अस्पताल की मुख्य चिकित्सा अधिकारी सहित अन्य डॉक्टर और इंजीनियरिंग विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। कर्मचारियों का कहना है कि अस्पताल में कई स्थानों पर छतों और छज्जों की हालत मरम्मत का इंतजार कर रही हैं। बजट न मिलने के कारण मरम्मत कार्य नहीं हो पा रहा है। उनका कहना कि बारिश के मौसम में डर इस बात का है कि इस तरह का हादसा और किसी ब्लॉक में ना हो जाए। बताया गया कि घटना की जानकारी की रिपोर्ट दिल्ली नगर निगम मुख्यालय सिविक सेंटर भी भेजी गई है।

हिन्द वतन समाचार” की रिपोर्ट…