भाजपा शुरू करेगी जन कल्याण संवाद : विजय…

भाजपा शुरू करेगी जन कल्याण संवाद : विजय…

पटना,। बिहार विधानसभा में प्रतिपक्ष एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता विजय कुमार सिन्हा ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के जनता दरबार कार्यक्रम में चुनिंदा लोगों को ही बुलाये जाने का आरोप लगाते हुए आज कहा कि भाजपा जन कल्याण संवाद कार्यक्रम शुरू करेगी, जिसमें आम लोगों की समस्या सुनी जाएगी और सरकार को हकीकत से अवगत कराया जाएगा।
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष श्री सिन्हा ने मंगलवार को यहां भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि मुख्यमंत्री के जनता दरबार कार्यक्रम में चुनिंदा लोगों को बुलाया जाता है। उन्होंने कहा, “इस कार्यक्रम में प्रशासन, थाना और अपराधियों द्वारा सताए गए लोग नहीं पहुंच पाते। इस कारण प्रत्येक मंगलवार को भाजपा कार्यालय में जन कल्याण संवाद कार्यक्रम करूंगा, जिसमें आम लोगों की समस्या सुनी जाएगी और सरकार को हकीकत से अवगत कराया जाएगा।”
श्री सिन्हा ने कहा कि ऑनलाइन माध्यम से जिला प्रशासन से चुनिंदा लोग जनता दरबार में पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि अभी हाल ही में समस्तीपुर में शराब माफिया को थाना का संरक्षण प्राप्त है जबकि सुपौल में चार शव 48 घंटे सड़क पर पड़ा रहा। राजधानी पटना में पुलिस उपाधीक्षक के कपड़े फाड़ दिये गये। नीतीश राज में पुलिस के खिलाफ अगर लोग बोल रहे हैं तो पुलिस द्वारा लाठियां बरसाई जा रही हैं। मौत का तांडव रोकने में सरकार असमर्थ है। आपराधिक घटना और गोली चलाने वाले को जाति के नाम से जोड़ रहे हैं। मौजूदा सरकार ने बिहार में अराजकता का माहौल में पैदा किया है।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि मौजूदा सरकार के कारण अपराधियों का मनोबल बहुत बढ़ चुका है जबकि प्रशासन आज हतोत्साहित है। विपक्ष के नाते भाजपा अब सरकार की ऐसी कमजोरियों को जन कल्याण संवाद कार्यक्रम के जरिए उजागर करेगी। उन्होंने अपराधिक घटनाओं की वृद्धि पर चिंता जताते हुए कहा कि बिहार में जंगलराज नहीं गुंडाराज हो गया है वहीं सरकार कहती है कि जनता राज है लेकिन हकीकत है कि गुंडा राज है। भाजपा आम जनता की मदद से जहर की खेती को समाप्त करेगी।

हिन्द वतन समाचार” की रिपोर्ट…