खूनी फ्लाईओवर पर फिर हादसा, नीचे गिरे बाइक सवार 2 युवक,

खूनी फ्लाईओवर पर फिर हादसा, नीचे गिरे बाइक सवार 2 युवक,

एक की मौत, दूसरे की हालत गंभीर

गाजियाबाद, 11 अगस्त। ठाकुरद्वारा फ्लाईओवर पर एक बार फिर जानलेवा हादसा प्रकाश में आया है। साइड की दीवार से टकराने के बाद बाइक सवार 2 युवक एकाएक फ्लाईओवर से नीचे आ गिरे। हादसे में एक युवक की मौत हो गई। दूसरे की हालत चिंताजनक है। गंभीर रूप से घायल युवक को जीटीबी अस्पताल दिल्ली में भर्ती कराया गया है। रक्षाबंधन पर्व के ऐन मौके पर यह दुर्घटना होने से 2 परिवारों में कोहराम मचा है। गाजियाबाद के घंटाघर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत ठाकुरद्वारा फ्लाईओवर है। घंटाघर चर्च से पटेल नगर के सामने तक जीटीरोड से यह फ्लाईओवर गुजरता है। फ्लाईओवर पर बीच में घुमाव होने के कारण अक्सर कोई न कोई हादसा होता रहता है।

पुलिस के मुताबिक वीरवार को तड़के करीब 3 बजे बाइक सवार 2 युवक चौधरी मोड़ की तरफ से मोहन नगर की ओर जा रहे थे। इस दरम्यान फ्लाईओवर पर साइड की दीवार से बाइक टकरा गई। टक्कर लगने के बाद बाइक के साथ दोनों युवक नीचे आ गिरे। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस टीम आनन-फानन में मौके पर पहुंची। पुलिस ने बताया कि हादसे में प्रियांशु (23) निवासी मोहल्ला कल्लपुरा की मौत हो गई। जबकि तरूण निवासी कालकागढ़ी गंभीर रूप से घायल है। सरकारी अस्पताल के डॉक्टरों ने तरूण की हालत खराब देखकर जीटीबी अस्पताल दिल्ली रैफर कर दिया। वहां उसका उपचार चल रहा है।

पुलिस ने प्रियांशु के शव के शव का पोस्टमार्टम कराकर पीड़ित परिवार के सुपूर्द कर दिया। रक्षाबंधन पर्व पर प्रियांशु के परिवार में कोहराम मच गया। उधर, तरूण का परिवार भी गमजदा है। बता दें कि ठाकुरद्वारा फ्लाईओवर पर गत 29 जुलाई की देर रात भी जानलेवा हादसे में 3 व्यक्तियों की मौत हो गई थी। बाइक सवार 2 युवक नगर निगम के सफाई कर्मचारी से टकरा गए थे। बाद में तीनों की फ्लाईओवर से गिरकर जान चली गई थी। फ्लाईओवर पर हादसे रोकने के लिए अब तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया है।