महिला से छेड़छाड़ कर अगवा करने का प्रयास,

महिला से छेड़छाड़ कर अगवा करने का प्रयास,

चाकू से किया हमला

गाजियाबाद, 28 जुलाई। कविनगर थाना क्षेत्र के डी-ब्लाक में एक महिला पर पिता-पुत्र ने हमला कर दिया। आरोपितों ने महिला को सड़क पर गिराकर छेड़छाड़ की और कार में अगवा करने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपितों ने महिला पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। मौके पर जुटे लोगों को देखकर आरोपित मौके से भाग निकले। पीड़िता ने पुलिस से शिकायत की लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। अब पीड़िता ने कोर्ट के आदेश पर आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।

दिल्ली सीमापुरी की रहने वाली महिला का कहना है कि वह कविनगर डी-ब्लाक में एक बुजुर्ग महिला की सेवा करती थीं। बुजुर्ग महिला बाद में बेटे के साथ नोएडा रहने लगीं तो उन्होंने काम छोड़ दिया। अब बुजुर्ग महिला के मकान में पुनीत भारद्वाज व उनका परिवार रहता है। पीड़िता महिला का आरोप है कि मकान में उनका कुछ सामान रखा हुआ था। सामान लेने के लिए वह 27 जून को जा रही थीं। आरोप है कि रास्ते में पुनीत भारद्वाज व उसका बेटा रामांश भारद्वाज मिले और गाली-गलौज की। रामांश ने छेड़छाड़ की और उन्हें सड़क पर गिरा दिया। पिता-पुत्र ने उन्हें जबरन खींचकर कार में गिरा लिया और अगवा करने का प्रयास किया। आरोप है कि रामांश ने कार से चाकू निकाल लिया और उनके सिर में वार कर दिया। इस घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। मौके से गुजर रहे राजेश व गौरव ने उन्हें बचाया और आरोपित मौके से भाग निकले। दोनों ने ही उन्हें संयुक्त जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़िता का आरोप है कि पूर्व में रामांश की मां भी उनके गले में चुन्नी डालकर मारने का प्रयास कर चुकी है, जिसकी सीसीटीवी फुटेज उनके पास है। कविनगर थाना प्रभारी अमित कुमार काकरान का कहना है कि कोर्ट के आदेश पर पुनीत व रामांश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।