दुल्हन को ले भागा पूर्व मंगेतर, बदनाम करने की धमकी दी,

दुल्हन को ले भागा पूर्व मंगेतर, बदनाम करने की धमकी दी,

शादी के 14 दिन बाद फजीहत

गाजियाबाद। नई-नवेली दुल्हन को बदनाम करने की धमकी देकर पूर्व मंगेतर भगा ले गया। शादी के सिर्फ 14 दिन बाद यह वाक्या होने से दूल्हा और दुल्हन पक्ष सदमे में है। आरोप है कि रिश्ता टूटने के बाद से पूर्व मंगेतर साजिश रच रहा था। नवविवाहिता के ससुराल से मायके लौटने पर आरोपी ने षडयंत्र को अंजाम दे डाला। लड़की पक्ष द्वारा विरोध करने पर उलटा धमकियां दी जा रही हैं। मामला पुलिस तक पहुंच गया है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गाजियाबाद के मसूरी थाना क्षेत्र में यह मामला प्रकाश में आया है। पुलिस के मुताबिक थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी में नववाहिता का परिवार रहता है। परिजनों ने बेटी की शादी गत 11 मई को धूमधाम से की थी। दूल्हा पक्ष बुलंदशहर का रहने वाला है। शादी के बाद नई-नवेली दुल्हन हंसी-खुशी ससुराल विदा हो गई थी। कुछ दिन पश्चात वह ससुराल से मायके लौटी। 25 मई को आरोपी ने फोन कर दुल्हन को बस अड्डा आने का दबाव डाला। ऐसा न करने पर ससुराल में जाकर बदनाम करने की धमकी दी। ऐसे में नवविवाहिता घर से बिना बताए पूर्व मंगेतर के साथ चली गई। मामला संज्ञान में आने पर पीड़ित पक्ष सदमे में आ गया। दरअसल जिस युवक पर दुल्हन को भगा ले जाने का आरोप है, उसके साथ पूर्व में युवती का रिश्ता तय हुआ था, मगर किन्हीं कारणों से यह रिश्ता टूट गया था। इससे डासना निवासी पूर्व मंगेतर खुन्नस रखने लगा। बेटी की सकुशल वापसी की गुहार लगाने पर आरोपी ने उलटा धमकी दे डाली। उधर, थाना प्रभारी योगेंद्र कुमार सिंह का कहना है कि शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांचोपरांत उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आरोपी के ठिकाने को ट्रेस करने की कोशिश हो रही है।