पति ने की पत्नी की गला घोंटकर हत्या,

पति ने की पत्नी की गला घोंटकर हत्या,

 शव बाथरूम में छिपाया

फरीदाबाद, 03 अप्रैल। रविवार को घरेलू कलह के चलते पति ने पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। उसका शव घर के बाथरूम में छिपाए रखा। जब पति का मामा घर आया तो उसे हत्या का पता चला। उसने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने महिला के पिता की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर आरोपित पति को गिरफ्तार कर लिया है। शव पोस्टमार्टम कराकर स्वजन को सौंप दिया है।

पुलिस के अनुसार सुरेंद्र यहां ग्रेटर फरीदाबाद स्थित श्रीराम रेजिडेंसी में परिवार के साथ रहता है। उसकी पत्नी सुनीता घरों में साफ-सफाई का काम करती थी। उनकी शादी को 17 साल हो गए थे। उनका चार साल का एक बेटा है। सुरेंद्र कोई काम नहीं करता था और शराब पीकर घर में रहता था। इस बात को लेकर पति-पत्नी के बीच आए दिन झगड़ा होता था। घरेलू कलह के चलते कुछ दिन पहले सुनीता भारत कालोनी में अपने मायके चली गई थी। सुरेंद्र उसे मनाकर ले आया था। रविवार भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ। इसी दौरान सुनीता नहाने के लिए बाथरूम में चली गई। पीछे से सुरेंद्र भी बाथरूम में घुस गया। पहले उसने पानी गर्म करने की राड से करंट लगाकर उसकी हत्या की कोशिश की। जब उससे कुछ नहीं हुआ तो उसने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और शव बाथरूम में ही पड़ा छोड़ दिया। शव दिनभर बाथरूम में पड़ा रहा। शाम को सुरेंद्र का मामा घर आया तो उसने उसे सारी बात बताई। इसके बाद मामा ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में ले लिया और सुरेंद्र को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने सुनीता के पिता इंद्रपाल की शिकायत पर आरोपित के खिलाफ हत्या व अन्य धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है।