आटो में वारदात करने वाली महिला चोर बनी चुनौती…

आटो में वारदात करने वाली महिला चोर बनी चुनौती…

फरीदाबाद। आटो में साथ बैठकर वारदात करने वाली महिला चोर गिरोह फिर सक्रिय हुआ है। आटो में बैठने वाली महिलाएं इस गिरोह के निशाने पर होती हैं। कुछ समय पहले क्राइम ब्रांच सेक्टर-85 ने ऐसे ही एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया था। तब कुछ दिन के लिए वारदात पर अंकुश लग गया था। अब फिर से आटो में वारदात हो रही हैं। क्राइम ब्रांच का कहना है कि आटो से बाजार जा रही हैं महिलाओं को इनसे सावधान होने की जरूरत है। बेहतर होगा कि खरीदारी के लिए जाते वक्त सोने की चेन या अन्य आभूषण घर पर ही छोड़ दें। आटो में सवारी बनकर बैठी महिलाएं कब गले से सोने की चेन उड़ा ले या पर्स साफ कर दें मालूम भी नहीं चलता। शहर में यह गिरोह कई वारदात कर चुका है। आटो से उतरने के काफी देर बाद चोरी का पता चलता है। पिछले दिनों हुई वारदात

10 फरवरी 2022: जीवन नगर निवासी दीपक की पत्नी मीना पर्स में 57 हजार रुपये लेकर अस्पताल में जमा कराने के लिए घर से निकलीं। लाल कोठी के पास से उसने बल्लभगढ़ का आटो लिया। इसी दौरान तीन-चार महिलाएं भी आकर आटो में बैठ गईं। महिलाएं बल्लभगढ़ पुल के पहले ही आटो से उतर गईं। उन महिलाओं के उतरने के बाद मीना ने पर्स देखा तो उसमें रखे 57 हजार रुपये गायब थे। 5 दिसंबर 2021: मलेरना रोड निवासी रवि शंकर शर्मा की पत्नी बिमलेश शर्मा अपने भाई की शादी में दिल्ली जाने के लिए घर से निकली थी। अपने साथ वे सोने का हार, सोने की चार अंगूठियां, एक पेंडेंट और चांदी की पाजेब लेकर निकली थी। सारे आभूषण उन्होंने एक थैली में डालकर अपने बैग में रखे थे। मेट्रो स्टेशन तक जाने के लिए उन्होंने आटो लिया। आटो में दो महिलाएं भी साथ बैठी थीं। गुप्ता होटल के पास जाकर वे महिलाएं उतर गईं। महिलाओं के उतरने के बाद बिमलेश ने अपना बैग चेक किया। उसमें से आभूषणों की थैली गायब थी। 2 दिसंबर 2021: गांव गढ़खेड़ा निवासी मंजू शर्मा अपने मायके अलीगढ़ से ससुराल से बल्लभगढ़ आई थीं। बल्लभगढ़ से गढ़खेड़ा जाने के लिए वह आटो में सवार हो गई। आटो में तीन महिलाएं पहले से बैठी हुई थीं। आटो में साथ बैठी महिलाओं ने मंजू से कहा कि वह अपना मंगलसूत्र और चेन उतारकर पर्स में रख ले। मंजू ने ऐसा ही किया। शाम करीब 3 बजे घर पहुंचकर जब उसने अपना पर्स चेक किया तो उसमें रखा मंगलसूत्र और चेन उसे नहीं मिली। उसने संदेह जताया है कि आटो में साथ बैठी उन महिलाओं ने ही उसके आभूषण चोरी किए। इस गिरोह के ऊपर हमारी टीमें लगातार काम कर रही हैं। कुछ सुराग भी लगे हैं। जल्द ही इसमें शामिल महिलाओं को गिरफ्तार किया जाएगा। -नितिश अग्रवाल, डीसीपी हेडक्वार्टर

हिन्द वतन समाचार की रिपोर्ट…