जांच के लिए रोकने से गुस्साए युवक ने पुलिस कांस्टेबल को पहले टक्कर मारी…

जांच के लिए रोकने से गुस्साए युवक ने पुलिस कांस्टेबल को पहले टक्कर मारी…

फिर पत्थर से कई वार कर गंभीर रूप से कर दिया घायल…

नई दिल्ली, 06 जनवरी। विकासपुरी इलाके में जांच के लिए रोकने से गुस्साए एक युवक ने पुलिस कांस्टेबल को पहले टक्कर मारी और फिर पत्थर से कई वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल कांस्टेबल ने लोगों की मदद से आरोपी को पकड़ा और मामले की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची विकासपुरी थाना पुलिस ने कांस्टेबल को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे दूसरे अस्पताल में रैफर कर दिया गया। पुलिस ने घायल कांस्टेबल जगन लाल मीणा के बयान पर हत्या का प्रयास की धारा में केस दर्ज कर आरोपी काबिल को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि 37 वर्षीय जगन लाल मीणा दिल्ली पुलिस के विकासपुरी थाने में बतौर कांस्टेबल तैनात है। पुलिस को दिए बयान में उन्होंने बताया है कि 4 जनवरी 6 बजे से 10 बजे तक उसकी ड्युटी बीट पर गश्त की थी। वह गश्त करते हुए रिलायंस मॉल के पास पहुंचा जहां संदिग्ध हालत में एक स्कूटी सवार को देखकर उसे रूकने का इशारा किया। लेकिन पुलिस को देखकर आरोपी काबिल ने अपनी स्कूटी की रफ्तार बढ़ा दी। कांस्टेबल ने उसे रोकने की कोशिश की तो आरोपी ने कांस्टेबल को टक्कर मार दी। बावजूद इसके कांस्टेबल ने आरोपी की स्कूटी को पकड़ कर उसे गिरा दिया। जिसके बाद आरोपी ने पत्थर उठाकर कांस्टेबल पर हमला कर दिया। आरोपी ने पुलिसकर्मी पर पत्थर से चार से पांच वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिसकर्मी ने लोगों से मदद मांगी और आरोपी को दबोच लिया। लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची विकासपुरी थाना पुलिस ने घायल को डीडीयू अस्पताल भर्ती किया। जहां से उसे आरएमएल अस्पताल रैफर कर दिया गया। पुलिस ने कांस्टेबल के बयान पर आईपीसी एक्ट की धारा 307 के तहत केस दर्ज कर आरोपी उत्तम नगर निवासी काबिल को गिरफ्तार कर लिया।

हिन्द वतन समाचार की रिपोर्ट…