गृहमंत्री अमित शाह बोले, बुबा बबुआ की सरकारों में नहीं हुआ विकास…

गृहमंत्री अमित शाह बोले, बुबा बबुआ की सरकारों में नहीं हुआ विकास…

कासगंज। रविवार को केंद्रीय गृह मंत्री ने शहर के बारह पत्थर मैदान में आयोजित जन सभा में बुआ और बबुआ पर साधा निशाना। वह मथुरा से चलकर एटा होते कासगंज आई जन विश्वास यात्रा की सभा को संबोधित करने के लिए अतिथि के रूप में उपस्थित हुए। उन्होंने यूपी में इस बार भाजपा 300 के पार का नारा दिया। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, समेत अन्य पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं को चुनाव में जीत के लिए मंत्र दिया।
केंद्रीय गृह मंत्री हेलीकॉप्टर से सोरों के पुलिस लाइन में उतरे, यहां से वह उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और केंद्रीय सांस्कृतिक मंत्री अर्जुन मेघवाल के साथ कासगंज के बारह पत्थर मैदान पर पहुंचे। गृहमंत्री ने मंच से हाथ हिलाकर जनसभा का अभिवादन किया। गृहमंत्री ने अपने भाषण का आरंभ भारत माता की जय कहते हुए किया। उन्होंने दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह को याद करते हुए कहा कि बाबूजी के बाद पहली बार कासगंज आया हूं। यह क्षेत्र भाजपा का था और रहेगा। विधानसभा चुनाव में जीत का दावा करते हुए नारा दिया कि इस बार भाजपा 300 पार। उन्होंने कहा कि यूपी में बुआ-बबुआ ने सरकारें चलाईं, क्या ये सभी का विकास कर पाईं? सपा के राज में आपका भला होता था क्या? बसपा के राज में विकास होता था क्या? वो नहीं कर सकते, ये जातिवादी पार्टियां हैं, परिवारवादी पार्टियां हैं। उन्होंने कहा कि पहले कानून व्यवस्था की स्थिति इतनी खराब हो गई थी कि लोग अपनी बच्चियों को स्कूल-कालेज भेजने से कतराते थे। पांच साल में ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सारे गुंडे उत्तर प्रदेश से पलायन कर गए। श्री शाह ने कहा कि यह ब्रज भूमि महावीर सिंह राठौर, तुलसी दास की जन्म भूमि है। पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह ने पिछड़ों कमजोर के कल्याण का काम किया था। भीड़ यह बता रही है कि यहां के लोगों में बाबूजी आज भी जिंदा हैं। जनविश्वास को जन समर्थन मिल रहा है। कासगंज के युवा चौका लगाकर भाजपा की सरकार बनाएं। जब वह यूपी के प्रभारी थे, तो यही शिकायत मिलती थी कि सपा के गुंडे जीने नही दे रहे। अब पांच साल में गुंडों का यूपी से पलायन हो गया है। गृहमंत्री ने कहा कि वर्षों तक प्रभु राम का मंदिर नहीं बन सका। जब पूर्ण बहुमत मिला तो मंदिर बन गया। काशी विश्वनाथ का दरबार जो बंजर पड़ा था, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सजाया है। धारा 370 को जनता के मिले बहुमत से हटा दिया। अखिलेश, कांग्रेस और हाथी वालों ने इसका विरोध किया। आतंकी सैनिकों को मारकर चले जाते थे। दिल्ली के माथे पर जूं नही रेंगती थी। अब प्रदेश गुंडा राज्य से मुक्त हुआ। सपा सरकार में 400 दंगे हुए। योगी राज में यह सब नहीं हुआ। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि तुष्टिकरण की राजनीति करने वाले भाजपा को सत्ता से नहीं रोक सकते है। सांसद राजवीर सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूजी कल्याण सिंह ने राम की खातिर गद्दी छोड दी थी। विपक्ष के लोग उन्हें श्रदांजलि देने तक नहीं गए, इसका जवाब देना है। बदायूं की सांसद डा. संघमित्रा मौर्य ने कहा कि डबल इंजन की सरकार से प्रदेश का विकास हो रहा है। 2022 में मजबूती से भाजपा की सरकार बनानी है। कार्यक्रम का संचालन ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष रजनीकांत माहेश्वरी ने किया। मंचासीन केबिनेट मंत्री बीएल वर्मा, राज्यमंत्री संदीप कुमार, प्रदेश महामंत्री संजीव चौरसिया, अश्वनी त्यागी, प्रदेश प्रवक्ता आलोक अवस्थी, यात्रा प्रमुख मानवेंद्र प्रताप सिंह, जिला प्रभारी हर्षवर्धन आर्य, नागेंद्र दुबे, जिलाध्यक्ष केपी सिंह सोलंकी, जिला पंचायत अध्यक्ष रत्नेश कश्यप, विधायक देवेंद्र राजपूत, ममतेश शाक्य, वीरेंद्र लोधी, ठाकुर श्योराज सिंह, सांसद धर्मेंद्र कश्यप मौजूद रहे। इनके अलावा डा. ज्ञान प्रकाश गुप्ता, नवल कुलश्रेष्ठ, गौरीशंकर शर्मा, अनिल पुंढीर, डा. केत सिंह वर्मा, नीरज शर्मा, राजवीर सिंह भल्ला, डा. नीरज सक्सेना, डा. बीडी राना, रामनिवास राजपूत, महेंद्र सिंह राना, कौशल साहू, जय सिंह वर्मा, डा. शिवप्रताप सिंह, सुरेशचंद्र माहेश्वरी, शरद गुप्ता, राकेश माहेश्वरी, रानू वर्मा, कृष्णकांत वशिष्ठ, हिमांशु उपाध्याय, कुलदीप प्रतिहार, जिला मीडिया प्रभारी केके सक्सेना समेत अन्य जिला, मंडल स्तरीय पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

पत्रकार मुकेश यादव की रिपोर्ट…