कोविड नियमों की अनदेखी पर दो दिन में…

कोविड नियमों की अनदेखी पर दो दिन में…

1.54 करोड़ का जुर्माना लगा…

नई दिल्ली। दक्षिणी जिला के महरौली इलाके के एक क्लब में देर रात तक चल रही पार्टी के चलते उसे सील कर दिया गया। पार्टी में 600 से अधिक लोग मौजूद थे जो कोविड नियमों की अनदेखी कर रहे थे। नियमों के अनुसार रेस्टोरेंट में क्षमता से 50 फीसदी लोग ही शामिल हो सकते हैं। दक्षिणी जिला की टीम ने औचक निरीक्षण के दौरान क्लब खाली कराकर तुरंत सील लगा दी।

दिल्ली सरकार ने ओमीक्रोन वैरिएंट समेत कोविड संक्रमण के बढ़ते मामले को देखते हुए नियमों की अनदेखी करने वालों पर सख्ती बढ़ा दी है। बीते तीन दिन में दिल्ली के अंदर 10 हजार से अधिक लोगों पर कार्रवाई की गई। दक्षिणी दिल्ली के दस फार्महाउस को इन्हीं पार्टियों के चलते कोविड के मामले आने के बाद कंटेनमेंट जोन भी बनाया गया है। दक्षिणी दिल्ली इस समय संक्रमितों की संख्या के मामले में टॉप तीन जिलों में शामिल है।

दिल्ली सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सभी जिलों में कोविड नियमों का पालन कराने व कड़ाई के लिए उड़न दस्तों का गठन किया गया है। अभी 156 से अधिक टीमें दिल्ली में काम कर रहीं हैं। इसे बढ़ाकर 200 से अधिक किया जा रहा हैं। यह टीमें ना सिर्फ बाजार, भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में बल्कि रात के समय होटल, रेस्टोरेंट के अंदर होने वाली पार्टियों में भी औचक जांच करेंगी।

सरकार की कड़ाई का ही असर है कि दिल्ली में जहां 3200-3500 के बीच चालान हो रहे थे, यह अब बढ़कर 4000 से ऊपर पहुंच गए हैं। दिल्ली में 22-23 दिसंबर को 7758 चालान हुए हैं और इनपर 1.54 करोड़ का जुर्माना भी लगाया गया है, जिसमें 9 लाख के करीब जुर्माना मौके पर ही वसूला गया है। इसके अलावा 163 लोगों पर केस भी दर्ज किया गया है। सबसे ज्यादा 7552 चालान लोगों के मास्क नहीं लगाने और सामाजिक दूरी का पालन नहीं करने के चलते किए गए हैं। चालान के साथ दिल्ली में सैनिटाइजर व मास्क भी बांटा गया है। 1400 से अधिक लोगों को मास्क भी बांटे गए हैं।

बीते दिनों में चालान

तारीख चालान कटा

20 3546

21 3674

22 3758

23 4020

24(सुबह दो घंटे) 1600

10,000 हजार से अधिक चालान तीन दिन में हुआ।

1.54 करोड़ से अधिक का जुर्माना लगा।

156 से अधिक निगरानी टीम दिल्ली में तैनात।

8.88 लाख रूपये चालान मौके पर वसूला गया।

हिन्द वतन समाचार की रिपोर्ट